बांसवाडा जिले के गढ़ी थाना क्षेत्र के परतापुर कस्बे में शुक्रवार रात मुख्य बाजार के चार खंभा इलाके में टहल रहे दंपती से मारपीट कर तीन तोला सोने की चेन छीने जाने का मामला सामने आया है। पुरानी रंजिश में रास्ता रोककर बाप-बेटे सहित तीन लोगों पर हमला करने और लूट का आरोप लगा है। घायल दंपती को हॉस्पिटल ले जाया गया और शिकायत के आधार पर गढ़ी थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। स्कूल ग्राउंड के पास रोका रास्ता पीड़ित बाहुबल जैन पुत्र श्रीपाल जैन निवासी गोविंदनगर परतापुर ने बताया कि वह अपनी पत्नी दीप्ति जैन के साथ स्कूल ग्राउंड के पास मुख्य सड़क पर टहल रहे थे। इसी दौरान राकेश जैन, मोक्ष जैन और हिमेश जैन ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर पहले गाली गलौज की गई और फिर लात घूंसे और नुकीली वस्तुओं से हमला कर दिया गया। टूर्नामेंट की पुरानी बात पर शुरू हुई बहस पीड़ित के अनुसार युवक ने पूछा कि समाज के एक साल पहले हुए एक टूर्नामेंट के दौरान उसने उसके पिता को क्या कहा था। इस पर बाहुबल जैन ने जवाब दिया कि उस दिन उसके पिता गाली गलौज कर रहे थे, तब उन्होंने सिर्फ इतना कहा था कि भैया गाली मत दो। पीड़ित ने बताया कि यह बात करीब एक साल पुरानी है। उन्होंने युवक से कहा कि अब इस बात को छोड़ दो, काफी समय हो गया है, लेकिन युवक बहस करता रहा। फोन कर बुलाए लोग, जाने से रोका पीड़ित ने बताया कि युवक ने कहा कि यहीं रुको, अभी अपने आदमियों और पापा को बुलाता हूं। उसने फोन किया और उन्हें वहां से जाने नहीं दिया। आसपास कई लोग यह सब देख रहे थे। बाइक से पहुंचे तीन लोग, चारों ने किया हमला कुछ ही देर में एक बाइक पर तीन लोग और पहुंचे। इसके बाद चारों ने मिलकर बाहुबल जैन पर हमला कर दिया। लात घूंसे मारे गए और हाथ में पकड़ी नुकीली चीज से वार किया गया, जिससे उन्हें चोट आई। मारपीट में उनके कपड़े भी फट गए। मारपीट के दौरान कपड़े फाड़े, चेन छीनी पीड़ित ने गढ़ी थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि मारपीट के दौरान उसके कपड़े फट गए। आरोपियों ने हाथ में पहने कड़े और नुकीली चीजों से हमला किया। बीच बचाव करने आई पत्नी दीप्ति जैन को भी धक्का दिया गया और उसके साथ मारपीट की गई। रिपोर्ट में यह भी आरोप है कि गले से करीब तीन तोला सोने की चेन छीन ली गई। बीच बचाव करने आई पत्नी के साथ भी मारपीट की गई। भीड़ जुटी, आरोपी फरार घटना के बाद मुख्य बाजार में भीड़ जमा हो गई। लोगों के पहुंचने पर आरोपी मौके से भाग गए। गढ़ी थाने के कार्यवाहक थानाधिकारी प्रकाशचंद्र ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।


