भास्कर न्यूज|गुमला झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में गुमला जिला क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित इंटर डिस्ट्रिक्ट अंडर-23 क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार को चतरा का दबदबा देखने को मिला। एक रोमांचक मुकाबले में चतरा की टीम ने शानदार गेंदबाजी और सधे हुए खेल के दम पर गढ़वा को 38 रन से पराजित कर जीत अपने नाम की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चतरा की शुरुआत चुनौतीपूर्ण रही। गढ़वा के गेंदबाजों ने सटीक लाइन और लेंथ से चतरा के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। पूरी टीम 29 ओवरों में 141 रन बनाकर सिमट गई। टीम की ओर से सौरभ और अमन ने सर्वाधिक 17-17 रन का योगदान दिया। हालांकि स्कोर बहुत बड़ा नहीं था, लेकिन संघर्षपूर्ण पिच पर यह लड़ने लायक लक्ष्य साबित हुई। गढ़वा की ओर से विकास गर्ग ने घातक गेंदबाजी करते हुए चतरा के 4 बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया। 142 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गढ़वा की टीम की शुरुआत खराब रही और वे नियमित अंतराल पर विकेट खोते रहे। आयुष गर्ग ने 36 रनों की जुझारू पारी खेली और आयुष ने भी 22 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन चतरा के गेंदबाजों के आगे अन्य बल्लेबाज टिक नहीं सके। पूरी टीम 33वें ओवर में मात्र 103 रन पर ढेर हो गई। चतरा की जीत में उनके गेंदबाजों की अहम भूमिका रही। सौरभ ने अपनी फिरकी का जादू चलाते हुए 4 विकेट झटके, वहीं चंदन कुमार ने धारदार गेंदबाजी करते हुए 3 महत्वपूर्ण विकेट चटकाकर गढ़वा की कमर तोड़ दी। उनके इसी हरफनमौला प्रदर्शन और निर्णायक भूमिका के लिए चंदन कुमार को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। मैच के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य रूप से आरडीओ अजय यादव उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला क्रिकेट संघ के सचिव जितेंद्र सिंह, मनोज चौधरी, अंकित विश्वकर्मा और ज्ञान प्रकाश सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे। मैच के सफल संचालन में अंपायर प्रशांत कुमार व जितेंद्र कुमार और स्कोरर जुलकर ने अहमद का महत्वपूर्ण योगदान रहा। मैदान पर मधुसूदन उरांव, आयुष अग्रवाल, सनी साहू, विनीत नाग, शशिरंजन और पंकज कुमार सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद थे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।


