भास्कर न्यूज|गुमला ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट व झारखंड नवनिर्माण दल गुमला के संयुक्त तत्वाधान में विधानसभा ध्यानाकर्षण सप्ताह कार्यक्रम के तहत पटेल चौक में जीवन भगत की नेतृत्व में नुक्कड़ सभा आयोजित कर मुख्यमंत्री को उपायुक्त के माध्यम से 7 सूत्री राज्यहित से संबंधित मांग-पत्र सौंपा गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित आइपीएफ के प्रभारी सह झारखंड नवनिर्माण दल के केंद्रीय विजय सिंह ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार को भ्रष्टाचार, बेरोजगारी व महंगाई जैसी समस्याओं का समाधान के लिए बजट बनाना चाहिए तभी आम लोगों को मिलने वाली संवैधानिक अधिकार की रक्षा होगी। केंद्र सरकार पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि जन विरोधी सरकार के कारण देश कर्ज में डूब रहा है। सरकार इसी को अमृत काल कह रही है। देश की संसद में पेश कुल 53 लाख करोड़ रुपए के बजट में 14 लाख करोड़ रूपया तो इंटरेस्ट भरने में चला जाएगा। वर्तमान में देश की जनता विष काल से गुजर रही है। श्री सिंह ने यह भी कहा कि सहारा इंडिया, वेलफेयर, पल्स समेत सभी कंपनी में झारखंड के लोगों के जमा पैसे भुगतान पर विधानसभा तथा संसद की सत्र में चर्चा ही नहीं निर्णय की बात करते हुए कहा कि महिला सुरक्षा, रोजगार, महिला मंडल को दिया गया सभी तरह का लोन माफ करने, सूदखोर माइक्रोफाइनेंस कंपनियों पर कार्रवाई, इच्छुक महिलाओं को 5 साल तक भरने का समय अवधि देते हुए ब्याज रहित कम से कम 10 लाख रुपए तक पूंजी देने, देश को खोखला करने वाली भ्रष्टाचार पर करवाई व देश के पूंजी पत्तियों पर समुचित टैक्स लगाते हुए सम्मान पूर्वक जीवन के लिए सभी को रोजगार, फ्री शिक्षा व स्वास्थ्य लाभ दिए जाने की बात कही। श्री सिंह ने यह भी कहा कि 7 सूत्री मांगों पर लोकसभा व विधानसभा में चर्चा कर समाधान की दिशा में सरकार आगे नहीं बढ़ती है तो प्रचंड आंदोलन का सामना की चेतावनी सरकार को दी है।


