भास्कर न्यूज | कवर्धा पंडरिया थाना क्षेत्र के बैराग पारा में एक निगरानी बदमाश ने नशे की हालत में एक फेरी वाले के घर में जबरन घुसकर मारपीट शुरू कर दी। सूचना मिलते ही पंडरिया पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू डाहिरे उर्फ हीरालाल डाहिरे (30) पिता स्व. भरत डाहिरे निवासी बैराग पारा पंडरिया के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी का नाम थाना पंडरिया की निगरानी बदमाशों की सूची में दर्ज है और वह पूर्व में भी तड़ीपार किया जा चुका है। पंडरिया पुलिस को फोन पर सूचना मिली कि बैराग पारा में एक अज्ञात व्यक्ति कपड़ा बेचने वाले फेरी वाले के घर में जबरन घुसकर मारपीट कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पाया गया कि सोनू डाहिरे पड़ोस में रहने वाले बोधन ठाकुर के मकान में किराए से रह रहे व्यक्ति के घर में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट कर रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। सूची में नाम, कई अपराधों में संलिप्त थाना पंडरिया के अनुसार, सोनू डाहिरे पिछले पांच वर्षों से क्षेत्र में घटित कई छोटे-बड़े अपराधों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ मारपीट, धमकी और शांति भंग जैसे प्रकरण दर्ज हैं। लगातार आपराधिक गतिविधियों के चलते उसका नाम निगरानी बदमाशों की सूची में दर्ज किया गया है।


