भास्कर न्यूज | चिल्फी घाटी छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाई स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा की शुरुआत शनिवार को हुई। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यमिक विद्यालय चिल्फी घाटी को सेंटर बनाया गया है। पहले दिन कक्षा 10वीं में हिंदी विषय की परीक्षा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित माहौल में हुई। कुल 127 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 124 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 3 छात्र अनुपस्थित पाए गए। स्वामी आत्मानंद विद्यालय से 76, हाई स्कूल बहनाखोदरा से 34 और हाई स्कूल बोक्करखार से 14 विद्यार्थी शामिल हुए। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पूर्व विद्यार्थियों की सघन जांच की गई। कक्षों में प्रकाश, बैठने की पर्याप्त व्यवस्था और निगरानी के पुख्ता इंतजाम रहे। नकल रोकने पर्यवेक्षकों को निर्देश दिए गए हैं। केंद्राध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता के साथ परीक्षा संचालित की जा रही है।


