पर्यावरण, जैव विविधता को समझा

भास्कर न्यूज | बेमेतरा शैक्षणिक सत्र 2025-26 में राष्ट्रीय अविष्कार अभियान अंतर्गत कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए राज्य के भीतर शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम हुआ। बेमेतरा जिले के चयनित 100 विद्यार्थियों को दुर्ग जिले स्थित मैत्री गार्डन (चिड़ियाघर) का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान, पर्यावरण एवं जैव विविधता के प्रति रुचि जागृत करना तथा कक्षा में पढ़ाए जाने वाले विषयों को व्यवहारिक रूप में समझने का अवसर प्रदान करना था। शैक्षणिक भ्रमण के लिए रवाना होने से पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी गेंदराम चतुर्वेदी, जिला बेमेतरा एवं जिला मिशन समन्वयक (समग्र शिक्षा) राजकुमार वर्मा द्वारा बस को हरी झंडी दिखाकर विद्यार्थियों को रवाना किया गया। भ्रमण दल में जिले के चारों ब्लॉक से नामांकित विद्यार्थी शामिल थे। उनके साथ संबंधित ब्लॉक के नोडल अधिकारी, एस्कॉर्ट शिक्षक एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे, जिससे बच्चों की सुरक्षा, मार्गदर्शन एवं समुचित देखरेख सुनिश्चित की जा सके। मैत्री गार्डन पहुंचकर विद्यार्थियों ने विभिन्न वन्यजीवों, पक्षियों एवं जैव विविधता को नजदीक से देखा। उनके आवास, खान-पान व संरक्षण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। शिक्षकों द्वारा बच्चों को वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण संतुलन व जैव विविधता के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया। विद्यार्थियों के मनोरंजन व ज्ञानवर्धन के लिए टॉय ट्रेन की सवारी भी कराई गई, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह देखा गया। भ्रमण के दौरान सभी विद्यार्थियों को सामूहिक रूप से भोजन कराया गया तथा उनकी सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया। पूरे कार्यक्रम में बच्चों में अनुशासन दिखा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *