भास्कर न्यूज| महासमुंद खेत के बाड़े से ट्रैक्टर-ट्रॉली पार करने वाले शातिर चोर को बलौदा पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने चोरी के वाहन को पकड़े जाने के डर से जंगल की झाड़ियों में छिपाकर रखा था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस ने बताया कि ग्राम पालीडीह निवासी सनमत बारीक ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 फरवरी को उन्होंने अपना आयशर ट्रैक्टर (सीजी 06 ई 3610) काम के बाद बाड़े में खड़ा किया था। अगली सुबह जब वे वहां पहुंचे, तो ट्रैक्टर और ट्रॉली गायब मिले। प्रार्थी की शिकायत पर बलौदा पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस को सटीक सूचना मिली कि ग्राम अर्जुन्दा के पास एक संदिग्ध युवक चोरी का ट्रैक्टर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी निराकार उर्फ दलदल नेताम (निवासी ग्राम कनपला) को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। गिरफ्तार आरोपी निराकार उर्फ दलदल नेताम के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे 21 फरवरी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। कार्रवाई में बलौदा पुलिस की सक्रिय भूमिका रही। कोटद्वारी जंगल से बरामदगी: आरोपी ने खुलासा किया कि उसने चोरी के बाद ट्रैक्टर और ट्रॉली को कोटद्वारी के घने जंगल में छिपाकर रखा था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर जंगल से 1.50 लाख रुपए कीमत की ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कर ली है।


