क्राइम रिपोर्टर| भिलाई छावनी थाना पुलिस ने नकली सोने के गहनों को बैक में गिरवी रखकर लोन लेने का प्रयास करने वाले आरोपी गिरफ्तार किया। आरोपी ने आभूषणों को असली बनाने के लिए 833 एवं 916 कैरेट का फर्जी हालमार्क लगाया। इसके बाद 113 ग्राम आभूषण बैंक लेकर पहुंचा। आरोपी के खिलाफ धारा 318(4), 336(2), 62 बीएनएस के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर आरोपी भेजा है। नंदिनी रोड स्थित यूनियन बैंक के शाखा प्रबंधक अनुराग बंधु ने पुलिस में शिकायत की कि 20 फरवरी की सुबह करीब 10.30 बजे प्रेम सागर चौक, बैगा पारा दुर्ग निवासी अनुराग पात्रा नामक युवक गोल्ड लोन के लिए बैंक पहुंचा। लोन के लिए एक हार, दो कंगन, दो चैन, एक ब्रेसलेट, एक अंगूठी, कुल 113 ग्राम के गहने दिए। बैंक के परीक्षक राकेश कुमार गुप्ता ने गहनों का परीक्षण किया। इसमें सारे गहने नकली निकले। नकली गहनों पर 833 एवं 916 कैरेट का कूटरचित हॉलमार्क लगाकर बैंक आया था। आरोपी के कब्जे से कुल 113 ग्राम नकली सोने के गहने जब्त किए।


