भास्कर न्यूज | पेण्ड्रा छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित व्यवहार न्यायाधीश (कनिष्ठ श्रेणी) परीक्षा 2024 के अंतिम परिणाम 20 फरवरी को घोषित कर दिए गए। इस परीक्षा में गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के मरवाही ब्लॉक की दुर्गेश नंदिनी मराबी ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए प्रदेश का मान बढ़ाया है। ग्राम नगवाही (घुरदेवाटोला) की रहने वाली दुर्गेश नंदिनी ने अनुसूचित जनजाति वर्ग से होने के बावजूद अपनी कड़ी मेहनत के दम पर मेरिट लिस्ट में 21वां स्थान प्राप्त किया है। खास बात यह है कि उनके उच्च प्राप्तांकों के कारण उनका चयन सामान्य वर्ग (अनारक्षित) कोटे से हुआ है। दुर्गेश नंदिनी की सफलता कोई इत्तेफाक नहीं, बल्कि निरंतर मेहनत का परिणाम है। उन्होंने अपनी 12वीं की पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय रायपुर से पूरी की। हिदायतुल्ला राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय रायपुर से बीए एलएलबी की डिग्री ली। विधि की पढ़ाई पूरी होते ही उनका चयन रायपुर में सहायक अभियोजन अधिकारी के पद पर हो गया था। अब उन्होंने सिविल जज बनकर अपने सपनों को नई ऊंचाई दी है। दुर्गेश नंदिनी के पिता, चैन सिंह मराबी, रायपुर विकास प्राधिकरण में लेखाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। वहीं उनके ताऊ (बड़े पिता) भुनेश्वर सिंह मराबी मरवाही विकासखंड के साल्हेकोटा मिडिल स्कूल में प्रधान पाठक हैं। बता दें कि सिविल जज पद के लिए मुख्य लिखित परीक्षा 21 दिसंबर 2025 को आयोजित की गई थी। इसका परिणाम 22 जनवरी 2026 को घोषित किया गया था, जिसके बाद साक्षात्कार प्रक्रिया शुरू की गई। रिक्त पदों के तीन गुना अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाता है। 57 पदों के लिए 171 अभ्यर्थियों को बुलाया जाना था, लेकिन आयोग ने कुल 183 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया। साक्षात्कार प्रक्रिया 10 फरवरी से 20 फरवरी 2026 तक आयोजित की गई। आयोग के अनुसार इंटरव्यू के लिए बुलाए गए सभी 183 अभ्यर्थी उपस्थित हुए और कोई भी अनुपस्थित नहीं रहा। अंतिम चयन सूची लिखित परीक्षा और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के कुल योग के आधार पर तैयार की गई है।


