भिलाई| नेहरू नगर स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर में शनिवार से संगीतमय नवधा पारायण रामायण पाठ की शुरुआत हुई। यह रामायण पाठ पं. गिरधर गोपाल आसोपा और पं. सुशील आसोपा (जोधपुर) के सानिध्य में श्रद्धालुओं द्वारा किया गया। रामायण पाठ का प्रथम दिन होने से श्रद्धालु बड़ी संख्या में जुटे और रामायण पाठ किया। रामायण पाठ के आयोजन से नेहरू नगर समेत पूरा भिलाई क्षेत्र राममय हो गया है। इसके पहले सुबह शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा श्री राधाकृष्ण मंदिर नेहरु नगर से प्रारंभ होकर नेहरु नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए वापस मंदिर में शोभायात्रा का समापन हुआ। यह नवधा पारायण रामायण पाठ 1 मार्च तक चलेगा। श्रद्धालु प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे के मध्य रामायण पाठ का पुण्य लाभ प्राप्त कर सकते हैं। रामायण पाठ के समापन पर अंतिम दिन 1 मार्च को दोपहर 1 बजे महाभंडारा का आयोजन किया गया है।


