भास्कर न्यूज | अमोरा नवागढ़ क्षेत्र के समीपस्थ ग्राम अमोरा (महंत) में स्थानीय युवाओं द्वारा गठित सियाराम धर्म गौरक्षक सेवा समिति इन दिनों निराश्रित और घायल गौवंशों की सेवा में सक्रिय भूमिका निभा रही है। हाल ही में आयोजित समिति की बैठक में निराश्रित गोवंशों को स्थायी आश्रय प्रदान करने का निर्णय लिया, जिसके बाद से समिति के सदस्य लगातार सेवा कार्य में जुटे हैं। लोकनाथ साहू (बिट्टू) ने सूचना दी कि नवधा चौक (ग्राम भवन) के पास एक घायल गाय बैठी हुई है। सूचना मिलते ही समिति के अध्यक्ष दुर्गेश साहू के मार्गदर्शन में सचिव संजू साहू मौके पर पहुंचे। निरीक्षण करने पर पता चला कि गाय को कुत्तों ने काट लिया था। तत्काल पशु चिकित्सक डॉ. शिव कश्यप को बुलाकर इलाज कराया। गाय को दर्द, बुखार और संक्रमण से बचाव के लिए इंजेक्शन लगाए गए। हालांकि, कुत्तों के हमले की जानकारी दो-तीन दिन बाद मिलने के कारण गाय की स्थिति गंभीर हो चुकी थी और उसे बचाया नहीं जा सका। दूसरे दिन समिति के गोभक्तों ने विधिवत अंतिम संस्कार कर उसे दफनाया। इसी दिन शाम करीब छह बजे मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से एक बछड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका एक पैर टूट गया। सूचना मिलते ही समिति के सदस्य मौके पर पहुंचे और तत्काल उपचार की व्यवस्था की।


