दुर्गूकोंदल| दुर्गूकोंदल में नव-निर्मित और निर्माणाधीन शैक्षणिक भवनों का निरीक्षण जिला परियोजना समन्वयक (डीएमसी) नवनीत पटेल ने किया। उन्होंने 200 सीटर कन्या आवासीय विद्यालय और छात्रावास भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए कक्षाओं, कंप्यूटर कक्ष, प्रयोगशाला और छात्रावास के कमरों का निरीक्षण किया। भवन का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और आगामी शैक्षणिक सत्र अप्रैल 2026 से विद्यालय शुरू करने की तैयारी तेजी से की जा रही है। डीएमसी नवनीत पटेल ने निर्माण एजेंसी को शेष कार्य सफाई, बाउंड्री वॉल निर्माण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र पूर्ण करने कहा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके। इसके साथ ही दुर्गूकोंदल को “एजुकेशन हब” के रूप में विकसित करने की दिशा में भी तैयारी शुरू हो चुकी है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त विद्यालय, छात्रावास, प्रयोगशाला और कंप्यूटर कक्ष के माध्यम से क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की योजना है।


