भास्कर न्यूज | कोरबा जिले के ग्रामीण अंचल में हुआ कम्युनिटी फर्स्ट क्रिकेट टूर्नामेंट रोमांचक मुकाबले और जश्न के साथ खत्म हुआ। टूर्नामेंट में आस-पास के गांवों की 24 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में कनकी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पताड़ी को पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम की। फाइनल मैच का टॉस पताड़ी ने जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। कनकी के गेंदबाजों ने शुरू से दबाव बनाए रखा और रन गति पर अंकुश लगाया। पताड़ी ने 12 ओवरों में 52 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कनकी टीम ने आक्रामक लेकिन संयमित बल्लेबाजी से मुकाबले को अपने पक्ष में मोड़ दिया। कनकी ने 6 ओवर 4 बॉल में 3 विकेट के नुकसान पर 54 रन बनाते हुए लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया। कनकी की पारी में तेज रन और साझेदारियों ने दर्शकों को रोमांचित किया। रिशदी के कल्याण सूर्यवंशी और गेंदबाज बल्लू साहू का प्रदर्शन टूर्नामेंट में चर्चा का विषय रहा। क्रिकेट टूर्नामेंट के पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि के तौर पर जिला पंचायत सदस्य सुष्मिता अनंत मौजूद रहीं। अध्यक्षता सरपंच पताड़ी प्रधान सिंह ठाकुर ने की। इसके अलावा कोरबा पॉवर लिमिटेड से महाप्रबंधक सीएचपी अखिलेश सिंह, उप महाप्रबंधक भू-विभाग विकास ठाकुर, अरुण प्रसाद, अदाणी फाउंडेशन से ताजेन्द्र बंजारे व पवन महतो सहित जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। समारोह में अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और ग्रामीण युवाओं में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए अदाणी फाउंडेशन व कोरबा पॉवर प्रबंधन की सराहना की।


