5 हटरी बाजार व तमेर पारा चौक में सड़क चौड़ी होगी, व्यवस्था सुधरेगी

सिटी रिपोर्टर| दुर्ग वार्ड 30 में पांच हटरी बाजार सहित जवाहर चौक क्षेत्र में 14 लाख रुपए एवं वार्ड 32 तमेर पारा चौक के पास 18 लाख रुपए लागत के डामरीकरण किया जा रहा है। इससे पांच हटरी बाजार व तमेर पारा चौक की सड़क हो जाएगी और यातायात व्यवस्था दुरुस्त हो जाएगी। शनिवार को महापौर अलका बाघमार ने डामरीकरण कार्य का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि पांच हटरी बाजार एवं जवाहर चौक जैसे व्यस्त क्षेत्रों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिकों का आवागमन होता है। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण व्यापारियों एवं आमजनों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। डामरीकरण के बाद राहगीरों को इन समस्याओं से राहत मिल जाएगी। महापौर ने स्पष्ट किया कि नगर निगम की पहली प्राथमिकता नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। गुणवत्तापूर्ण डामरीकरण कार्य से यातायात सुचारु होगा, दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी तथा बाजार क्षेत्र की व्यवस्थित छवि भी सुदृढ़ होगी। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। सभापति एवं पार्षद श्याम शर्मा ने कहा कि वार्ड 30 और वार्ड 32 में स्वीकृत डामरीकरण कार्य क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होंगे। निगम क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में चरणबद्ध रूप से अधोसंरचना कार्य कराए जा रहे हैं, ताकि सभी क्षेत्रों में समान रूप से विकास सुनिश्चित हो सके। लोक कर्म प्रभारी देवनारायण चन्द्राकर ने निर्माण कार्य की तकनीकी गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की बात कही। भूमिपूजन कार्यक्रम में एमआईसी मेंबर नरेंद्र बंजारे, ज्ञानेश्वर ताम्रकर, नीलेश अग्रवाल, शशि साहू, पार्षद जीतू महोबिया, गुलशन साहू, मनीष कोठारी, युवराज कुंजाम आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *