भास्कर न्यूज |लुधियाना हैबोवाल इलाके के चंदर नगर इलाके में मोबाइल चोरी कर भाग रहे दो शातिर चोरों को मोहल्ला निवासियों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। वारदात के बाद गुस्से में आए लोगों ने दोनों आरोपियों की जमकर पिटाई कर दी। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें चोरों को हाथ जोड़कर माफी मांगते देखा जा सकता है। जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी एक्टिवा पर सवार होकर आए थे। उन्होंने चिट्ठी कोठी के पास एक प्रवासी मजदूर का मोबाइल छीना और फरार होने की कोशिश की। इसी दौरान एक राहगीर ने साहस दिखाते हुए अपनी एक्टिवा उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े। शोर सुनते ही आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और दोनों आरोपियों को घेर लिया। इसी दौरान भीड़ में से एक व्यक्ति डंडा लेकर आया और दोनों पर हमला कर दिया। वीडियो में आरोपी बार-बार छोड़ देने की गुहार लगाते रहे, लेकिन भीड़ का गुस्सा शांत नहीं हुआ। हैरानी की बात यह रही कि मौके पर पुलिस भी मौजूद थी, इसके बावजूद लोगों ने पुलिस के सामने ही दोनों की पिटाई जारी रखी। काफी देर बाद पुलिस दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाना हैबोवाल ले गई। पुलिस का कहना है कि मोबाइल छीने जाने की शिकायत दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


