भास्कर न्यूज | लुधियाना महाशिवरात्रि के पावन उपलक्ष्य में हैबोवाल कलां इलाके में भोले की फौज कर रही है मौज सेवा समिति की ओर से आज 22 फरवरी दिन रविवार को नवीन नगर गली नंबर 1 जस्सियां रोड पर 14वां विशाल भंडारा आयोजित किया जा रहा है। समिति के सेवादार अतुल मैनी ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत आज सुबह 11 बजे विधिवत शिव पूजन से होगी, जिसके पश्चात 11:30 बजे कंजक पूजन किया जाएगा। दोपहर 12 बजे से अटूट लंगर बरताया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने के लिए पुनीत गुप्ता, रविन्द्र सिंह, कुणाल वर्मा, निखिल पोपली, विनय गोयल, जतिन गोयल और रोहित अरोड़ा पूरी तन्मयता से तैयारियों में जुटे हैं। समिति के सदस्यों ने समस्त शहरवासियों से सपरिवार पहुंचकर भोले बाबा का आशीर्वाद लेने और लंगर प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है। फूलों और रोशनी से सजे पंडाल में आज सुबह से ही हर-हर महादेव के जयकारे गूंजेंगे। इस अवसर पर सेवादारों ने कहा कि भगवान शिव की भक्ति, सेवा भाव से ही समाज में सुख-शांति का विस्तार संभव है।


