लुधियाना| आर्य कॉलेज के रिटायर्ड प्रोफेसर सुभाष चंद्र आहूजा (78) की राजा गार्डन स्थित प्रॉपर्टी पर कब्जा किए जाने की कोशिश के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। बकौल सुभाष प्रॉपर्टी उनके और उनकी पत्नी बबली के नाम पर है। दिसंबर 2025 में अमरिंदर सिंह नामक व्यक्ति ने कुछ अन्य लोगों को साथ लेकर जेसीबी की मदद से दीवार व गेट तोड़कर कब्जा करने की कोशिश की थी। लेकिन उनके और बेटे अंकुर के पहुंचते ही आरोपी वहां से चले गए। पुलिस ने 20 जनवरी को अमरिंदर सिंह और अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। अंकुर आहूजा के अनुसार, पुलिस की कार्रवाई के बावजूद शनिवार को आरोपी दोबारा कब्जे के लिए आए थे। सूचना मिलते ही थाना पीएयू की पुलिस ने मौके से अमरिंदर सिंह को हिरासत में ले लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी जमीन की एक फर्जी रजिस्ट्री के बूते प्लॉट को अपना दिखा रहे हैं। एसएचओ ने बताया कि इस मामले में धारा 7/51 के तहत कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। वहीं, 20 जनवरी को दर्ज केस में भी अलग से जांच की जा रही है और दस्तावेजों की जांच कराई जा रही है।


