भास्कर न्यूज | लुधियाना खेल विभाग अब खिलाड़ियों की फिटनेस और चोट प्रबंधन पर विशेष फोकस करने जा रहा है। लुधियाना समेत प्रदेश में संचालित 13 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में मेडिकल स्टाफ की तैनाती की प्रक्रिया पूरी हो गई है। विभाग ने चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी है। मार्च के अंत तक दस्तावेजों की जांच के बाद अप्रैल में सभी सेंटरों पर स्टाफ तैनात कर दिया जाएगा। साथ ही जिले में खिलाड़ियों के रिहैबिलिटेशन (पुनर्वास) के लिए विशेष लैब भी स्थापित की जाएगी। लैब के उपकरणों की खरीद को लेकर तैयारियां खेल विभाग कर रहा है। जिससे अप्रैल तक यह लैब संचालित हो सके। स्टेट में 13 सेंटर फॉर एक्सीलेंस चल रहे है। जिसमें जिले में बास्केटबॉल, वॉलीबॉल और हॉकी के खिलाड़ियों को सेंटर में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इन सेंटर्स पर कोच की तैनाती पहले की जा चुकी है। लेकिन खिलाड़ियों के लिए मेडिकल स्टाफ की तैनाती नहीं थी। जिला लैब के अलावा मोहाली में बनेगी स्टेट लैब : जिले में खिलाड़ियों के रिहैबिलिटेशन को लेकर लैब बनाई जाएगी। जिसमें फिजियोथेरेपिस्ट से लेकर स्पोर्ट्स साइंस के विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे। जो खिलाड़ी घायल होंगे उनकी सेहत पर नजर रखेंगे। मेडिकल स्टाफ खिलाड़ियों को वैज्ञानिक ट्रेनिंग, डाइट का सुझाव, फिटनेस मॉनिटरिंग जैसी सेवाएं उपलब्ध करवागा। डिप्टी डायरेक्टर सेंटर स्पोर्ट्स शाश्वत राजदान ने बताया कि मेडिकल स्टाफ की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो गई है। जल्द ही केंद्रों में तैनात किया जाएगा। साथ ही जिले में लैब बनाई जाएगी। जबकि स्टेट की लैब मोहाली में बनेगी। इन पदों की हुई भर्ती: डिप्टी डायरेक्टर, स्पोर्ट्स मेडिसिन स्पेशलिस्ट, स्पोर्ट्स फिजियोथेरेपिस्ट, असिस्टेंट स्पोर्ट्स फिजियोथेरेपिस्ट, फिजिकल स्पोर्ट्स ट्रेनर, नर्सिंग असिस्टेंट, बायो मैकेनिक असिस्टेंट, लैब टेक्नीशियन, ईसीजी टेक्नीशियन, डाटा एनालिस्ट, स्पोर्ट्स न्यूट्रीस्ट, स्पोर्ट्स फिजियोलॉजिस्ट, योग एक्सपर्ट आदि शामिल है।


