आश्वासन मिलने पर शर्मा ने खत्म किया 34 दिन से चल रहा धरना

लुधियाना| डायरेक्टर उच्च शिक्षा, पंजाब के हस्तक्षेप के बाद श्री आत्म वल्लभ जैन कॉलेज से जुड़े विवाद में नया मोड़ आया है। पिछले दिनों डायरेक्टर उच्च शिक्षा ने कॉलेज के प्रिंसिपल संदीप गुप्ता और धरने पर बैठे कर्मचारी कुलभूषण शर्मा को अपने कार्यालय में बुलाकर दोनों पक्षों से बातचीत की। चर्चा के बाद मामले की निष्पक्ष जांच के लिए दो डीडीपीआई अधिकारियों की कमेटी गठित की गई और उन्हें शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। सूत्रों अनुसार बैठक में डायरेक्टर उच्च शिक्षा ने स्पष्ट किया कि शांतिपूर्ण धरना देना किसी भी कर्मचारी का अधिकार है। किसी पर कोई दबाव नहीं है। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि पूरे मामले की जांच कानून के अनुसार की जाएगी और संबंधित पक्ष को न्याय दिलाया जाएगा। आश्वासन के बाद कुलभूषण शर्मा ने अपने परिवार, सहयोगियों और एयूसीटी जत्थेबंदी के प्रधान तरुण घई व पदाधिकारियों से विचार-विमर्श कर 34 दिनों से चल रहा दिन-रात का धरना समाप्त करने की घोषणा कर दी। एयूसीटी जत्थेबंदी के प्रधान प्रो. तरुण घई ने बताया कि विभाग की ओर से जांच जारी है। उन्होंने डायरेक्टर उच्च शिक्षा की सकारात्मक भूमिका का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि जांच निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी। अब सभी की नजर जांच कमेटी की रिपोर्ट पर टिकी हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *