भास्कर न्यूज | अमृतसर श्री श्याम मित्र मंडल के कार्यकारिणी सदस्यों की बैठक वृंदावन गार्डन फतेहगढ़ रोड में हुई। जिसमें फाल्गुन मेले की रविवार यानि 22 फरवरी को पैदल निशान यात्रा को लेकर सारी तैयारियां की जानकारी दी गई। मंडल के पदाधिकारी ने कहा कि यह पैदल निशान यात्रा दोपहर 3 बजे श्री मारवाड़ी पंचायती बड़ा मंदिर श्री रघुनाथ जी चौक फव्वारा से निकाली जाएगी। जिसमें फूलों से सजी गाड़ी पर प्रभु श्री श्याम खाटू वाले विराजमान होंगे। श्री श्याम प्रभु खाटू वालों के जयकारों के साथ सभी भक्तजन हाथों में पीले रंग के निशान ध्वज लेकर यात्रा में शामिल होंगे। यह यात्रा चौक फव्वारा से शुरू होकर टाउन हॉल, पिंक प्लाजा, भंडारी पुल, रेलवे स्टेशन, इनकम टैक्स चौक, रतन सिंह चौक, फतेहगढ़ चूडिय़ां रोड, बाईपास से होते श्री श्याम धाम मंदिर वृंदावन गार्डन में पहुंचेगी। इस पैदल निशान यात्रा में करीब 300 से ज्यादा पुरुष, महिलाएं हाथों में श्याम बाबा का निशान झंडा उठाकर अपने पारंपरिक परिधान में सजकर 13 किलोमीटर की पैदल यात्रा करेंगे। इसी दौरान भक्तों को राजस्थानी पगड़ी भी बांधी जाएगी। रास्ते में जगह-जगह भक्तों द्वारा संगत के लिए जलपान का प्रबंध होगा। इसमें रमेश मित्तल, अमित मित्तल, गोविंद बंसल, विष्णु पोद्दार, अभिषेक खेमका, राहुल मित्तल, अनिल पोद्दार, रजनीश मित्तल समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।


