भास्कर न्यूज | डौंडी माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं की वार्षिक परीक्षा शुक्रवार से प्रारंभ हो गई। शनिवार से डौंडी ब्लॉक में परीक्षा व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में हुई। ब्लॉक में कुल 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1778 परीक्षार्थियों का पंजीयन है। पहले दिन 1739 छात्र परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 29 छात्र अनुपस्थित रहे। पहले दिन हिंदी विषय का प्रश्नपत्र अपेक्षाकृत सरल रहा। बालक स्कूल डौंडी के केंद्र अध्यक्ष अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि उनके केंद्र में सेजेस डौंडी के 158 नियमित एवं 4 निजी परीक्षार्थियों सहित कुल 162 की दर्ज संख्या थी। इनमें से 1 निजी परीक्षार्थी अनुपस्थित रहा। परीक्षा के लिए पांच कमरों में बैठक व्यवस्था की गई थी। बिजली, पानी और हवा की समुचित सुविधा उपलब्ध रही। केंद्र में 11 पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए थे। परीक्षा केंद्र में जूते, डिजिटल घड़ी एवं कंपास बॉक्स लाने पर प्रतिबंध लगाया गया था। सेजेस स्कूल केंद्र में 1 छात्र अनुपस्थित सेजेस स्कूल डौंडी की केंद्राध्यक्ष ज्योति मेश्राम ने बताया कि उनके केंद्र में बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डौंडी के 99 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 98 छात्र उपस्थित रहे और 1 अनुपस्थित रहा। यहां पांच कमरों में बैठक व्यवस्था की गई थी, प्रत्येक कक्ष में 20-20 विद्यार्थियों को बैठाया गया। शासकीय आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डौंडी के केंद्राध्यक्ष लेखराम साहू ने बताया कि उनके केंद्र में हाई स्कूल कमता, खेरवाही, सेंट थॉमस एवं आदर्श विद्यालय के कुल 78 विद्यार्थियों की दर्ज संख्या थी। इनमें से 77 छात्र परीक्षा में सम्मिलित हुए, 1 अनुपस्थित रहा।


