भास्कर न्यूज | अमृतसर नगर निगम ऑटो वर्कशॉप यूनियन के प्रधान और ड्राइवर आशु नाहर ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली। घटना शनिवार सुबह करीब 3.45 बजे की है। शहीद उधम सिंह कॉलोनी में अपने घर में अश्वनी कुमार उर्फ आशु नाहर ने आत्महत्या करने से पहले 12 मिनट 9 सेकंड की सुसाइड वीडियो बनाया है। वीडियो में पत्नी, चाचा ससुर, सास और साले को जिम्मेदार ठहराया, कहा इन्होंने घर नहीं बसने दिया, जिसके कारण वह आत्महत्या करने जा रहा है। रात तकरीबन 1 से 3 बजे तक उसने अपने दोस्तों को नमस्ते की इमोजी भी भेजी थी मगर उस दौरान देर रात होने के कारण सभी सोए हुए थे। जानकारी के मुताबिक, रात को ससुरालियों का आशु के साथ झगड़ा भी हुआ था। बाद में उसने यह कदम उठाया। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर उनके भाई अनिल कुमार को सौंप दिया। परिवार ने उनका अंतिम संस्कार कर दिया है। एसीपी सेंट्रल जसपाल सिंह ने बताया है कि वीडियो को जांच के लिए फॉरेंसिक लैब में भेजा गया है। अभी मृतक के भाई अनिल का बयान दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मौसम में बदलाव का लोगों के मन पर प्रभाव पड़ता है। मौसम बदलने के दौरान हार्मोनल बदलाव और नींद के पैटर्न में बदलाव होता है। धूप कम या अधिक होने से मूड प्रभावित होता है। कुछ लोगों में सीजनल अफेक्टिव डिसऑर्डर जैसे लक्षण देखे जाते हैं। बेचैनी, चिड़चिड़ापन, अकेलापन और निराशा की भावना बढ़ सकती है। मगर यह मौसम अकेला कारण नहीं होता। यह केवल पहले से मौजूद तनाव को बढ़ा सकता है। अगर आत्महत्या के विचार आने लगे तो, भरोसेमंद व्यक्ति से खुलकर बात करें। अकेले न रहें। शराब या नशे से दूरी रखें। मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से मिले। समय पर बातचीत, समर्थन और मानसिक स्वास्थ्य सहायता से ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता है। डॉ. पुरुषोत्तम दास गर्ग, मनोवैज्ञानिक आशु ने वीडियो में रोते हुए कहा कि 2016 में उसकी प्रिया से शादी हुई थी। उसके 2 बच्चे हैं। 5 माह से पत्नी से घरेलू विवाद चल रहा था। इसकी शुरुआत घर की अलमारी से मिली एक विवादित वस्तु के बाद हुई थी। यह झगड़ा पुलिस तक भी पहुंचा, जहां एसीपी प्रवेश चोपड़ा और थाना सी-डिवीजन एसएचओ ने उनका घर बसाने के लिए बहुत कोशिश की, लेकिन विवाद चलता रहा। प्रिया को उसके घर वाले ले गए हैं। दोनों बच्चियां भी उनके पास हैं। वह अब अकेला पड़ गया है। पत्नी प्रिया, साला सिकंदर, सास नीलम और 2 चाचा ससुर प्रभजोत और अमरजोत को जिम्मेदार ठहराया। अंत में वीडियो में कहा कि वह अपने दोनों बच्चों से माफी मांग रहे हैं और वह आत्महत्या करने जा रहे हैं इसके बारे में किसी को भी मालूम नहीं है। घर में एक युवक रहता है, जो काम करता है। उसे भी कुछ नहीं पता। आत्महत्या के बाद कहीं घर में रहने वाले युवक का नाम न आ जाए, उसे देखते हुए आशु ने अपने हथियार का लाइसेंस दिखाया और कहा कि उनके पास लाइसेंसी रिवाल्वर है। वह खुद गोली मारकर आत्महत्या कर रहे हैं। दोस्तों ने बताया कि आशु का 24 फरवरी को जन्मदिन था। वह सभी दोस्तों के साथ हर साल अपना जन्मदिन मनाता था। अगर उन्हें पता होता कि वह आत्महत्या करने वाला है तो उसे बचाने की पूरी कोशिश करते। उसने किसी को भी कॉल नहीं किया मगर मैसेज और अपनी वीडियो सभी को डाली। वैसे आशु 10 दिन से काफी परेशान था। खुद को मारने की बात करता था। उसे समझाते भी थे। मगर ऐसा कर लेगा, यकीन नहीं हो रहा। उसके माता-पिता पहले से ही नहीं है। 5 माह से पत्नी बच्चों के साथ अपने मायके परिवार में रह रही थी।


