राज्यपाल गोद ग्राम टेमरी में विकास, निर्माण कार्य देखा

भास्कर न्यूज | बेमेतरा शनिवार को जिपं सीईओ प्रेमलता पद्माकर द्वारा राज्यपाल रमेन डेका के गोद ग्राम टेमरी का विस्तृत निरीक्षण कर विभिन्न विकास व निर्माण कार्य की समीक्षा की गई। पंचायत भवन में आयोजित बैठक के दौरान उन्होंने सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, स्वसहायता समूह की महिलाओं व ग्राम स्तरीय स्वच्छता समूह के सदस्यों से संवाद कर ग्राम पंचायत में हुए विकास कार्य व आवश्यक सुधारों पर चर्चा की। निरीक्षण के दौरान सीईओ ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत आवासों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अपूर्ण आवासों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। संबंधित अधिकारियों व पंचायत अमले को निर्देशित किया गया कि पात्र हितग्राहियों को समय पर किस्तों का भुगतान सुनिश्चित करें। निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए। किसी भी हितग्राही का आवास लंबित नहीं रहना चाहिए व सभी स्वीकृत आवासों को अभियान मोड में पूर्ण किया जाए। सीईओ प्रेमलता पद्माकर ने घर-घर कचरा संग्रहण कार्य की समीक्षा करते हुए डोर-टू-डोर कलेक्शन की नियमितता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सूखा व गीला कचरा पृथक्करण, कंपोस्ट पिट निर्माण, प्लास्टिक अपशिष्ट के वैज्ञानिक निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। स्व सहायता समूह की महिलाओं को स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाकर ग्राम को पूर्णतः स्वच्छ बनाने हेतु प्रेरित किया गया। ग्राम भ्रमण के दौरान नालियों में बहते पानी को देखते हुए सीईओ ने जल संरक्षण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनावश्यक रूप से बहते पानी को रोकना, सोखता गड्ढों व रिचार्ज पिट का निर्माण कराना, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखना अत्यंत आवश्यक है, जिससे जल संरक्षण के साथ-साथ स्वच्छ वातावरण भी सुनिश्चित हो सके। इसके अलावा अन्य जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए । विकास कार्यों पर फोकस करने कहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *