भास्कर न्यूज | अमृतसर दिल्ली किसान आंदोलन 2 के दौरान खनौरी बॉर्डर पर 21 फरवरी 2024 को शहीद हुए शहीद शुभकरण सिंह बल्लो की दूसरी बरसी पर, केएमएम किसान मजदूर मोर्चा के आह्वान पर देश भर में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। जस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और पंजाब सहित कई राज्यों में लाखों किसानों, मजदूरों और महिलाओं ने इकट्ठा होकर शहीदों को नमन किया। रणजीत एवेन्यू ग्राउंड में किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि भाजपा सरकार ने जहां लोगों के अधिकारों का उल्लंघन किया है, वहीं पंजाब की भगवंत मान सरकार ने शुभकरण सिंह की शहादत पर पुलिस केस दर्ज करके आगे कोई कार्रवाई नहीं होने दी है। उन्होंने कहा कि हमें शहीद शुभकरण सिंह की कुर्बानी को याद रखना होगा और किसानों की लड़ाई को और मजबूती से लड़ना होगा, क्योंकि भारत सरकार जहां किसानों और मजदूरों के अधिकार देने से मना कर रही है, वहीं इंटरनेशनल लेवल पर खेती के लिए मौत के समझौते लागू कर रही है, जिसमें अमेरिकी खेती के उत्पादों के लिए दरवाजे पूरी तरह से खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 15 अगस्त को बयान दिया था कि भारत के खेती के क्षेत्र को बचाया जाएगा, लेकिन उसके ठीक 3 दिन बाद टैक्स हटाकर अमेरिका से 30 लाख गांठें अमेरिकी कपास मंगवा ली गई, जिससे भारतीय कपास की कीमत में भारी गिरावट आई। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी अमेरिका के दबाव में काम कर रहे हैं और देश के किसानों और मजदूरों के अधिकार अमेरिका के सामने सरेंडर कर रहे हैं।


