बड़े भाई से चल रहे प्रॉपर्टी विवाद को लेकर छोटे भाई ने जहर निगलकर की आत्महत्या

भास्कर न्यूज | अमृतसर अजनाला के गांव जगीवाल में बड़े भाई के साथ चल रहे घरेलू और प्रॉपर्टी विवाद को लेकर छोटे भाई ने जहरीली दवा निगलकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान प्रीतम सिंह के रूप में हुई है। दोनों भाइयों के बीच एक छोटे घर को लेकर विवाद चल रहा था। परिवार में जमीन का बंटवारा पहले ही हो चुका था लेकिन घर के कब्जे को लेकर झगड़ा चल रहा था। बड़े भाई ने जबरन कब्जा कर रखा था और मृतक पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। प्रीतम सिंह मानसिक रूप से काफी परेशान था और खुद को असहाय महसूस कर रहा था। हालांकि इस मामले में पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ पर्चा दर्ज किया है। शिकायतकर्ता राजबीर सिंह निवासी गांव वरिया ने बताया कि वह मजदूरी का काम करता है। उसके ननिहाल गांव सारंगदेव (जग्गीवाल) थाना अजनाला में हैं। उसके 2 मामा थे, जिनमें से बड़े अंग्रेज सिंह उर्फ लखा (पूर्व सैनिक) खेती करते हैं, जबकि छोटे मामा प्रीतम सिंह (38) अविवाहित थे और खेती करते थे। बताया गया कि दोनों भाइयों के बीच करीब एक वर्ष पहले जमीन को लेकर विवाद हुआ था। समझौते के तहत दोनों को 2-2 किले जमीन दी गई और मकान प्रीतम सिंह को मिला। बदले में प्रीतम सिंह का 10 मरले का खाली प्लॉट अंग्रेज सिंह के नाम कर दिया गया था। समझौते में यह भी तय हुआ था कि अंग्रेज सिंह 1 जनवरी 2026 तक मकान खाली कर देंगे, लेकिन आरोप है कि उन्होंने अब तक मकान खाली नहीं किया। 20 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 2.38 बजे प्रीतम सिंह ने अपने मोबाइल से एक वीडियो बनाकर रिश्तेदारों को व्हाट्सऐप पर भेजा। वीडियो में कहा कि उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है और उनकी मौत के लिए अंग्रेज सिंह उर्फ लखा सहित सिमरन, भजन, शिंदो, सुरजीत सिंह, कश्मीर सिंह, जोगा सरपंच, देबा सरपंच, नत्था सिंह, बग्गा सिंह और परविंदर सिंह जिम्मेदार होंगे। एसआई आज्ञापाल ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिवार को सौंप दिया है। वीडियो में दिए नामों की जांच करने के बाद मृतक के बड़े भाई अंगेज सिंह सहित 7 लोगों के खिलाफ पर्चा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *