राई में एनएच-44 स्थित राई फ्लाईओवर पर शनिवार सुबह 5:45 बजे वोल्वो बस खड़े कैंटर में घुस गई। हादसे में कंडक्टर की मौत हो गई, जबकि बस ड्राइवर समेत करीब सात सवारियों को चोट लगी है। राई थाना पुलिस ने बस चालक की शिकायत पर कैंटर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पंजाब के जालंधर जिला के गांव सिंहगा कंग साबु निवासी निकेश कौशल ने बताया कि वह वोल्वो बस पर चालक है। वह अपने साथी परिचालक अमृतसर निवासी 35 वर्षीय अमन के साथ अमृतसर से गुरुग्राम जा रहा था। वे शुक्रवार शाम 9 बजे अमृतसर से चले थे। बस में 42 सवारी थीं। अधिकतर सवारी सो रही थीं। वे शनिवार सुबह 5:45 बजे राई फ्लाईओवर पर पहुंचे थे, जहां पर एक कैंटर खड़ा हुआ था। इस कारण बस अनियंत्रित होकर कैंटर में घुस गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कैंटर भी हाईवे पर पलट गया। बस में सवार लोगों के सिर बस के शीशों व सीट से टकरा गए। कई यात्री सीटों के बीच फंस गए। परिचालक सीट पर बैठे अमन के सिर व शरीर के अन्य हिस्सों के गंभीर चोट लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राई थाना के एसएचओ जसपाल सिंह की टीम ने राहगीरों की मदद से बस के शीशे तोड़कर सवारियों को बाहर निकाला। चालक निकेश कौशल, दीपक मल्होत्रा, दिवाकर मल्होत्रा व सुषमा मल्होत्रा समेत सात लोगों को सोनीपत के सिविल अस्पताल भेजा गया, जहां से चालक को गंभीर हालत में पीजीआई रोहतक भेज दिया गया। पुलिस ने परिचालक अमन के शव को सिविल अस्पताल के शवगृह में रख दिया है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी गई है। आरोप- कैंटर चालक की लापरवाही से हुआ हादसा बस चालक निकेश कौशल ने बताया कि हादसा कैंटर चालक की लापरवाही से हुआ है। उसने हाईवे के बीच में कैंटर को बगैर इंडिकेटर, बिना पार्किंग साइन और बिना रिफ्लेक्टर के खड़ा कर रखा था। इस कारण वह स्थिति को नहीं समझ सका और बस कैंटर के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार सवारियां झटके के साथ उठीं। कई सवारियों के सिर में चोट लगी।


