पंजाब के लुधियाना में युवकों द्वारा गैंगस्टर स्टाइल में रील बनाकर पुलिस को चुनौती देने का मामला सामने आया है। युवक कार के अंदर बैठकर सिंगर मनकीरत औलख के गीत ‘जेलां विच्चो फोन औणगे…’ पर वीडियो बनाते हैं, जिसमें वो बंदूक लहराते दिख रहे हैं। इसमें एसीपी सुमित सूद की एक वीडियो का हिस्सा जोड़कर एडिट किया गया है। वीडियो में युवक हाथों में पिस्टल लिए हैं और कोर्ट में पेशी के दौरान हथकड़ी लगाए आरोपियों की क्लिप दिखाते हैं। वीडियो को इंस्टाग्राम पर 42 हजार लाइक मिल चुके हैं। 3,476 लोगों ने इसे शेयर किया। उधर, पुलिस ने कहा कि अधिकारी का वीडियो एडिट करना कानून अपराध है और इस तरह की रील बनाकर युवक गैंगस्टरवाद को बढ़ावा दे रहे हैं और पुलिस को चुनौती देने की कोशिश कर रहे हैं। सभी को जल्द काबू किया जाएगा। पहले जानिए वीडियो में क्या दिख रहा… पुलिस ने युवकों को पकड़ने के लिए रेड की वीडियो इंस्टाग्राम आईडी Subhash_pKL और n4_nihal_ से सामने आई है। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि वीडियो कब की है और इसमें दिख रहे युवक कौन हैं। हलका पूर्वी के कुछ इलाकों में पुलिस ने रेड भी की, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आए। ACP सुमित सूद बोले- जल्द होंगे काबू ACP सुमित सूद ने कहा कि वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान की जा रही है। पुलिस टीम लगातार काम कर रही है और जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी मीडिया बाइट की वीडियो क्लिप को काटकर गैंगस्टर स्टाइल रील में जोड़ना कानूनन अपराध है, जिस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर इस तरह की आपराधिक छवि बनाने और अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


