बेमेतरा| भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष प्रज्ञा निर्वाणी ने दिल्ली में चल रहे एआई समिट जैसे वैश्विक मंच पर युवा कांग्रेस द्वारा किए गए अर्धनग्न प्रदर्शन को राष्ट्रवाद और अवसरवादी राजनीति के बीच स्पष्ट टकराव करार दिया है। उन्होंने कहा कि जब विश्व समुदाय भारत की तकनीकी क्षमता, डिजिटल नेतृत्व और उभरती वैश्विक भूमिका का साक्षी बन रहा था, उसी समय कुछ राजनीतिक तत्वों ने अपनी क्षणिक सुर्खियों के लिए राष्ट्र की गरिमा को दांव पर लगा दिया। आज देश के सामने दो रास्ते हैं, एक राष्ट्रवाद का, जो भारत की प्रतिष्ठा, संस्कृति और विकास को सर्वोपरि रखता है। दूसरा अवसरवाद का, जो राजनीतिक लाभ के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी देश को बदनाम करने से नहीं हिचकता। उन्होंने आरोप लगाया कि विचार और नीति के अभाव में विपक्ष अब अशोभनीय प्रदर्शन को राजनीतिक हथियार बना रहा है। यह लोकतंत्र का स्वस्थ विरोध नहीं, बल्कि भारत की सकारात्मक छवि पर चोट करने का प्रयास है।


