सिख गुरुओं पर टिप्पणी करने के आरोप में दर्ज एफआईआर का मामला

भास्कर न्यूज | जालंधर पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर को दिल्ली विधानसभा सचिवालय ने पेश होने के लिए तलब किया है। सचिवालय की ओर से जारी पत्र में उन्हें 27 फरवरी को दोपहर 3 बजे उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के लिए कहा गया है। मामला आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी से जुड़ा है। उन पर सिख गुरुओं के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगा था, जिसके बाद जालंधर में एफआईआर दर्ज की गई। जालंधर पुलिस ने अदालत में मोहाली स्थित फोरेंसिक लैब की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा था कि संबंधित वीडियो से छेड़छाड़ की गई है। कोर्ट ने इस आधार पर वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाने के निर्देश दिए थे। बाद में दिल्ली विधानसभा के सभापति की ओर से भी वीडियो की फोरेंसिक जांच करवाई गई। जांच के बाद दावा किया गया कि वीडियो के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं हुई। इसी मुद्दे को लेकर दिल्ली विधानसभा में विशेषाधिकार हनन का प्रश्न उठाया गया। विधानसभा सचिवालय ने पहले 20 फरवरी 2026 तक इस संबंध में जवाब मांगा था। सचिवालय का कहना है कि जो उत्तर प्राप्त हुआ, वह एडवोकेट जनरल की ओर से भेजा गया था, जिसे रिकॉर्ड पर ले लिया गया है। चूंकि एफआईआर जालंधर में दर्ज हुई थी, इसलिए सचिवालय ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर स्वयं उपस्थित होकर अपना पक्ष रखें। पत्र में निर्देश दिया गया है कि वे 27 फरवरी को निर्धारित समय पर दिल्ली विधानसभा सचिवालय में पेश होकर स्पष्टीकरण दें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *