झारखंड में अगले चार दिनों के दौरान मौसम का मिजाज बदलता नजर आएगा। मौसम केंद्र रांची के पूर्वानुमान के अनुसार सुबह हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि दिन में आंशिक बादल रहेंगे। इन दोनों दिनों में मौसम शुष्क बना रहेगा। कहीं भी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। हालांकि 23 और 24 फरवरी को राज्य के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इन दिनों आसमान में बादल छाए रहेंगे। कुछ इलाकों में बूंदाबांदी की स्थिति बन सकती है। इससे तापमान में हल्की गिरावट और मौसम में नमी बढ़ने के आसार हैं। 31 डिग्री तक जाएगा रांची का पारा तापमान की बात करें तो रांची और आसपास के क्षेत्रों में अधिकतम पारा 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। 25 फरवरी को फिर सुबह हल्का कोहरा और बाद में आंशिक बादल रह सकते हैं, लेकिन मौसम शुष्क रहेगा। विभाग के आउटलुक के मुताबिक 26 और 27 फरवरी को सुबह कोहरे के बाद आसमान मुख्यतः साफ हो जाएगा। राहत की बात यह है कि 21 से 27 फरवरी तक राज्य के किसी भी हिस्से के लिए कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। ऐसे में आम जनजीवन पर खास असर की संभावना नहीं है, लेकिन 23 और 24 फरवरी को संभावित हल्की बारिश से मौसम सुहावना हो सकता है। 24 घंटे में चाईबासा रहा सबसे गर्म झारखंड में फिलहाल कोई महत्वपूर्ण मौसमी सिस्टम सक्रिय नहीं है। प्रदेश में उत्तर-पश्चिम से हवाएं चल रही हैं, जिसके कारण पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना हुआ है। पिछले 24 घंटे के दौरान कई स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रिकॉर्ड किया गया। चाईबासा का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि जमशेदपुर में 33.0 डिग्री और सरायकेला में 32.0 डिग्री रहा। रांची का अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान की बात करें तो डाल्टनगंज में सबसे कम 10.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि रांची में 16.4 डिग्री और बोकारो में 15.1 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों तक राज्य में मौसम शुष्क बने रहने और तापमान में बड़े बदलाव की संभावना से इनकार किया है। 34 डिग्री तक जाएगा कई जिलों का पारा झारखंड में आने वाले पांच दिनों के दौरान तापमान में बढ़ोतरी के संकेत हैं। देवघर, धनबाद, गिरिडीह और जामताड़ा में अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है, जबकि दुमका, गोड्डा और पाकुड़ में पारा 33 से 34 डिग्री तक जा सकता है। साहिबगंज में भी अधिकतम तापमान 33 डिग्री तक रहने की संभावना जताई गई है। कोडरमा, चतरा, गढ़वा, पलामू और लातेहार में अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री के बीच रहेगा। वहीं राजधानी रांची सहित बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी और गुमला में पारा 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम तथा सरायकेला-खरसावां में तापमान 33 डिग्री तक पहुंच सकता है।


