रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर से 7.43 लाख की ठगी में दो पर केस

भास्कर न्यूज | जालंधर रामामंडी में शातिर प्रॉपर्टी डीलर ने पंजाब पुलिस के रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर और उनकी पत्नी से प्रॉपर्टी बिकवाने का झांसा देकर और जाली दस्तावेज दिखाकर 7 लाख 43 हजार रुपए ठग लिए। थाना रामामंडी में केस दर्ज हुआ है। प्रीत एनक्लेव के रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर जवाहर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि लद्देवाली में उनकी 6 मरले की प्रॉपर्टी है। इसे बेचने के लिए उन्होंने लम्मा पिंड निवासी प्रॉपर्टी डीलर गुरप्रीत सिंह से संपर्क किया था। मई 2025 में गुरप्रीत सिंह अपने साथ धीरज कुमार नाम के एक युवक को लेकर आया और उसे पक्का ग्राहक बताया। प्रॉपर्टी का सौदा 29 लाख रुपए में तय हुआ। ठगी को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने जाल बिछाया। जब जवाहर सिंह ने बयाना करने को कहा, तो आरोपियों ने यह कहकर टाल दिया कि वे दो-तीन दिन में सीधा रजिस्ट्री करवाएंगे क्योंकि उनका बैंक लोन प्रोसेस में है। इसके बाद आरोपियों ने दंपति को 37 लाख रुपए का एक फर्जी ड्राफ्ट दिखाया और विश्वास दिलाया कि लोन लगभग पास हो चुका है। आरोपियों ने पीड़ित दंपति को झांसा दिया कि लोन की फाइल को अंतिम मंजूरी दिलाने के लिए बैंक अधिकारियों को बड़ी रिश्वत देनी पड़ेगी। इसके अलावा, एनओसी के नाम पर 1 लाख रुपए और अन्य कागजी कार्रवाई के बहाने आरोपियों ने किस्तों में कुल 7,43,000 रुपए हड़प लिए। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी न रजिस्ट्री हुई और न पैसे वापस मिले, तो पीड़ित दंपति को ठगी का अहसास हुआ। प्रॉपर्टी डीलर गुरप्रीत सिंह और धीरज कुमार फरार हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *