भास्कर न्यूज | जालंधर विदेश भेजने का झांसा देकर ठगी करने के मामले में थाना एक की पुलिस ने सलेमपुर मुसलमाना निवासी गुरदीप सिंह और उसकी पत्नी मनजीत कौर के खिलाफ केस दर्ज किया है। गांधी नगर के अमित कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपने भतीजे को विदेश भेजने के लिए आरोपी दंपति से संपर्क किया था। आरोपियों ने कालिया कॉलोनी के पास उनसे मुलाकात की और अपने रसूख का हवाला देते हुए युवक को विदेश में सेटल कराने का भरोसा दिलाया। झांसे में आकर पीड़ित परिवार ने आरोपियों को 4.60 लाख रुपए नकद और युवक का असली पासपोर्ट सौंप दिया। काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो वीजा लगा और न ही कोई प्रक्रिया आगे बढ़ी। इस पर अमित कुमार ने अपनी रकम और पासपोर्ट वापस मांगा। आरोप है कि दंपति ने पैसे लौटाने के बजाय उन्हें जान से मारने की धमकियां देनी शुरू कर दीं। एएसआई सुरजीत सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी दंपति अपने घर से फरार हैं।


