भास्कर न्यूज | जालंधर वाईएफसी रुड़का कलां द्वारा एनआरआई भाइयों, स्थानीय निवासियों और ग्राम पंचायत के सहयोग से आयोजित तीन महीने लंबी एजुकेशनल फुटबॉल और खेल लीग का समापन शनिवार को भव्य समारोह के साथ हुआ। इस दौरान प्रधान गुरमंगल दास सोनी ने बताया कि रुड़का कलां स्टेडियम में हुए इस समापन समारोह में विभिन्न जिलों के 40 केंद्रों और स्कूलों के लगभग 7000 बच्चों ने हिस्सा लिया। इस खेल महाकुंभ में एथलेटिक्स, कुश्ती, क्रिकेट, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, फुटबॉल और कबड्डी जैसे मुकाबले कराए गए। विजेता टीमों और खिलाड़ियों को ट्रॉफियों, नकद राशि और 40 एवन साइकिल देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन कबड्डी और फुटबॉल के रोमांचक मुकाबले हुए। कबड्डी (ऑल ओपन) के फाइनल में मालवा की टीम ने हरियाणा को हराकर पहला स्थान हासिल किया। विजेता टीम को 3,51,000 रुपये और उप-विजेता को 3,00,000 रुपये का इनाम दिया गया। साथ ही बेस्ट रेडर और बेस्ट जाफरी को पल्सर मोटरसाइकिल और कबड्डी खिलाड़ी भूपिंदर सिंह भिंदा को स्कॉर्पियो गाड़ी देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद मालविंदर सिंह कंग, विधायक गुरलाल सिंह घनौर, प्रिंस प्रेम कुमार और अन्य प्रशासनिक अधिकारी व एनआरआई उपस्थित रहे। समारोह का मुख्य आकर्षण मशहूर पंजाबी गायक बब्बू मान रहे, जिन्होंने अपनी गायकी से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। अंत में चेयरमैन सुरजीत सिंह संधू ने बताया कि अगले साल खेल मेला बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा।


