बांसवाड़ा| सरकार की बजट घोषणा 2024-25 के अनुसार राजस्थान ग्रामीण परिवहन बस सेवा में जिले की पहली बस आनंदपुरी ब्लॉक के लिए चलेगी। ये बस रेवेन्यू शेयरिंग मॉडल पर चलेगी। रोडवेज प्रबंधक मनीष जोशी ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया से चयन के बाद नियमानुसार परमिट जारी होगा। इसका संचालन रोडवेज प्रबंधन की देखरेख में होगा और यह सरकारी बस स्टैंड से ही चलेगी। यह बस बांसवाड़ा से कोबा-बडिलया होते हुए आनंदपुरी के प्रतिदिन 4 चक्कर करेगी। 64 किलोमीटर के इस रूट पर बस के संचालन से गांवों के यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। साथ ही निजी लोक परिवहन की मनमानी पर भी लगाम लगाई जा सकेगी। दावा किया जा रहा है कि रेवेन्यू शेयरिंग मॉडल पर चलने वाली इस बस में आरामदायक सीटें मिलेंगी। जिसके लिए यात्रियों को हल्की जेब भी ढ़ीली करनी पड़ेगी। रोडवेज प्रबंधन के अनुसार इसके लिए सामान्य किराए से 50 पैसे ज्यादा प्रति किमी प्रति सीट देने होंगे। बांसवाड़ा बस स्टैंड से ठीकरिया, बोरबट, छींचरोड, मलवासा, छींछगांव, बांसला, बागीदौरा, उम्मेदगढ़ी, थापड़ा, उदयपुरा, चोरड़ी, कोबा, छपरा, उम्मेदपुरा, पाटकनज, करदा, बड़लिया, आनंदपुरी जाएगी।


