रींगस नगर पालिका क्षेत्र के खाटूश्यामजी मोड़ पर शनिवार शाम एक मकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। सूचना मिलने पर नगर पालिका की दमकल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। समय पर दमकल पहुंचने से एक बड़ा हादसा टल गया। घर में रखा सामान जला
यह घटना खाटूश्यामजी मोड़, रींगस निवासी राधेश्याम पुत्र सूरजमल सैन के मकान की दूसरी मंजिल पर हुई। क्षेत्र के लोगों ने आग की लपटें देखकर तुरंत पुलिस थाने और नगर पालिका कार्यालय को सूचना दी। परिजनों और आसपास के लोगों ने भी आग बुझाने का प्रयास किया। आग से मकान में रखा कूलर, फ्रिज, कपड़े, पंखे सहित अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। बड़ा हादसा टला
फायरमैन अशोक कुमार, बजरंग लाल और दिनेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और आग पर नियंत्रण पाया। उनके पहुंचने से पहले ही घरेलू सामान जल चुका था, लेकिन समय पर कार्रवाई से नीचे का मकान और आसपास के अन्य मकान सुरक्षित बच गए। आग लगने के कारणों की अभी तक पुष्टि नहीं हो पाई है।


