डूंगरपुर | मेडिकल कॉलेज थाना में आयोजित 6 दिवसीय वार्षिक खेलकूद एवं सांस्कृतिक समारोह स्पीति-2026 का शनिवार को रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ समापन हुआ। समापन समारोह प्रधानाचार्य डॉ. एस. बालामुरगनवेलु की अध्यक्षता में हुआ। कार्यक्रम में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. महेंद्र डामोर, अतिरिक्त प्रधानाचार्य डॉ. रूपेश कुमार और डॉ. प्रभास भावसार विशेष अतिथि रहे। समारोह में एमबीबीएस के करीब 750 छात्र-छात्राओं, चिकित्सा अधिकारियों व संकाय सदस्यों ने भाग लिया। आयोजन के दौरान क्रिकेट, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, शतरंज, कैरम, टेबल टेनिस, ट्रैक इवेंट, गोला फेंक व डिस्कस थ्रो सहित 10 खेलों की प्रतियोगिताएं हुईं। खेलकूद व सांस्कृतिक समिति तथा पीटीआई प्रभु पाण्डेय के मार्गदर्शन में प्रतियोगिताएं संपन्न कराई गईं। पुरस्कार वितरण समारोह 26 फरवरी को सायंकाल होगा।


