मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को अपना 62वां जन्मदिन अपने गांव बगिया में परिवार के सदस्यों के साथ मनाया। घर पहुंचते ही वे सीधे मां जसमनी देवी के पास पहुंचे और उनके चरण स्पर्श किए। मां ने भी बेटे का सिर चूम कर आशीर्वाद दिया। इसके बाद वहां दिनभर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों का बधाई देने तांता लगा रहा। साय ने कहा, जनस्नेह ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। राम सदन में सत्यनारायण व्रत कथा का आयोजन हुआ। इसमें मुख्यमंत्री की मां के साथ धर्मपत्नी कौशल्या साय और परिजन शामिल हुए। इस मौके पर इचकेला छात्रावास की राष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन करने वाली छात्राओं को 15 क्रिकेट किट दी गई। पहाड़ी कोरवा समाज के प्रतिनिधियों ने पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचकर शुभकामनाएं दीं। पीएम ने दी बधाई
पीएम नरेंद्र मोदी ने सीएम साय को जन्मदिन की शुभकामनाएं देकर उनके दीर्घ और स्वस्थ जीवन की कामना की। कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास के लिए साय के प्रयास सराहनीय हैं। प्रदेश के लोगों का जीवन बदल रहा है।


