भास्कर न्यूज | बाड़मेर भारतीय जनता पार्टी बाड़मेर के जिलाध्यक्ष अनंतराम विश्नोई ने कांग्रेस पार्टी व उनके वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की ओर से अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की छवि को प्रभावित करने वाले कथित बयानों और गतिविधियों की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि जब पूरा विश्व भारत की बढ़ती आर्थिक, तकनीकी और कूटनीतिक शक्ति को स्वीकार कर रहा है, ऐसे समय में नकारात्मक राजनीति करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। विश्नोई ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज वैश्विक मंच पर एक निर्णायक शक्ति के रूप में उभरा है। हाल ही में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट जैसे अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में 100 से अधिक देशों की भागीदारी, विभिन्न राष्ट्राध्यक्षों, नीति-निर्माताओं, वैज्ञानिकों और विश्व की अग्रणी कंपनियों के सीईओ की उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि भारत अब केवल सहभागी राष्ट्र नहीं, बल्कि नेतृत्वकर्ता की भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे ऐतिहासिक अवसरों पर अव्यवस्था फैलाना या विरोध के नाम पर कार्यक्रमों की गरिमा को ठेस पहुंचाना लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है। इससे न केवल आयोजन की प्रतिष्ठा प्रभावित होती है, बल्कि देश की अंतरराष्ट्रीय छवि पर भी असर पड़ता है। जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का इतिहास रहा है कि जब-जब देश को वैश्विक मंच पर सम्मान मिला है, तब-तब उसने निराधार आरोपों और भ्रम फैलाने का प्रयास किया है।


