उज्जैन के आदित्य देवड़ा ने एक साथ 28 से 32 कैंचियों से हेयरकट करने की अनोखी तकनीक से वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। उनका नाम इंडिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड और लंदन की वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है। इस उपलब्धि के बाद आदित्य को देश और विदेश में पहचान मिली है। आदित्य ने सोशल मीडिया से यह तकनीक सीखी और पांच साल के अभ्यास के बाद रिकॉर्ड बनाया। वह उज्जैन के अलखधाम नगर के रहने वाले हैं। आदित्य ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया पर चीन के एक हेयर स्टाइलिस्ट का वीडियो देखा था, जो एक साथ कई कैंचियों से हेयरकट कर रहा था। इससे प्रेरित होकर उन्होंने भी इस तकनीक को सीखने का फैसला लिया। लगातार अभ्यास और प्रयोग के बाद उन्होंने इसमें महारत हासिल की। 2022 से शुरू हुआ रिकॉर्ड बनाने का सिलसिला सोशल मीडिया पर मिले एक चैलेंज के बाद आदित्य ने 28 कैंचियों से हेयरकट कर कीर्तिमान बनाया। 2022 में उनका नाम इंडिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड और गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ। 2024 में उन्होंने 30 और फिर 32 कैंचियों से हेयरकट कर नया रिकॉर्ड बनाया। इसके बाद लंदन की वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड में भी उनका नाम शामिल हुआ। एशियाई प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल कजाखस्तान में आयोजित एशियाई ग्लोबल चैंपियनशिप 2024 में आदित्य ने तीसरा स्थान मिला। 2025 में लंदन में आयोजित वर्ल्ड कप में उन्होंने 150 देशों के प्रतिभागियों के बीच भाग लिया। पहले 15 से 20 मिनट लगते थे, अब 4 से 5 मिनट आदित्य बताते हैं, पहले एक कैंची से हेयरकट करने में 15 से 20 मिनट लगते थे और 70 रुपए लगते थे। अब वह 32 कैंचियों से 4 से 5 मिनट में हेयरकट कर रहे हैं और 450 रुपए तक पेमेंट ले रहे हैं। गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र और बिहार सहित कई राज्यों से लोग उनके पास हेयरकट कराने पहुंच रहे हैं।


