हिमाचल प्रदेश के पुलिस जिला बद्दी की SP इल्मा अफरोज मंगलवार (17 दिसंबर) सुबह-सुबह पुलिस मुख्यालय (PHQ) शिमला पहुंचीं। यहां उन्होंने कई अधिकारियों से मुलाकात की। पुलिस सूत्रों का कहना है कि इल्मा अफरोज एक-दो दिन में फिर से कार्यभार संभाल लेंगी। इल्मा सोमवार शाम को बद्दी और देर रात को शिमला पहुंची थीं। बता दें कि दून के कांग्रेस विधायक राम कुमार चौधरी से विवाद के बाद इल्मा 42 दिन की लंबी छुट्टी पर चली गई थीं। उत्तर प्रदेश की रहने वाली SP इल्मा की छुट्टियां 18 दिसंबर को खत्म होने वाली हैं, लेकिन वह 2 दिन पहले ही हिमाचल लौट आईं। DC-SP मीटिंग के बाद छुट्टी गईं
SP इल्मा बीते 6 नवंबर को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में DC-SP की कॉन्फ्रेंस के लिए शिमला आई थीं। शिमला से लौटने के बाद इल्मा रातोंरात बद्दी लौट गईं और अपनी मां के साथ सामान समेट कर अपने घर उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद के कुंदरकी गांव आ गईं। जाने से पहले इल्मा ने 7 से 22 नवंबर तक छुट्टी ली। इसके बाद उन्होंने 4 बार छुट्टियां बढ़ाईं। छुट्टी पर जाने के बाद चर्चा में आई इल्मा
इस तरह अचानक छुट्टी चले जाने के बाद इल्मा खूब चर्चा में आईं। इल्मा के छुट्टी पर जाने के बाद सरकार ने विनोद कुमार को बद्दी का SP बना दिया था। इसे लेकर प्रदेश में राजनीति भी हुई। इस पर हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने भी कई बार CM सुखविंदर सुक्खू को इल्मा के बहाने निशाने पर लिया। विधायक से विवाद की वजह
SP इल्मा ने 7 जनवरी, 2024 को बद्दी SP का कार्यभार संभाला था। इसके बाद अगस्त 2024 में उनका दून के विधायक रामकुमार चौधरी के साथ टकराव शुरू हुआ। इल्मा ने अगस्त महीने के पहले हफ्ते में अवैध माइनिंग कुछ गाड़ियों के चालान काटे। इनमें विधायक की पत्नी की गाड़ियां भी थीं, जिससे वह SP से नाराज हो गए। उन्होंने SP पर विधानसभा मानसून सत्र के दौरान गंभीर आरोप लगाए। यही नहीं रामकुमार चौधरी ने SP को विधानसभा के प्रिविलेज मोशन लाकर विशेषाधिकार हनन का नोटिस भी दिलवाया। गोलीकांड भी बना विवाद की वजह
इसी बीच बद्दी में एक फायरिंग कांड हुआ। इसमें स्क्रैप व्यापारी राम किशन की बुलेटप्रूफ गाड़ी पर गोलियां चलाई गई थीं। जांच में पता चला कि राम किशन ने ही खुद पर गोलियां चलाईं। इसका खुलासा इल्मा ने खुद प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया। राम किशन पुलिस से ऑल इंडिया गन लाइसेंस की मांग कर रहा था, लेकिन पिछला रिकॉर्ड देखते हुए इसे मंजूरी नहीं दी गई। पुलिस ने राम किशन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। व्यापारी किसी कांग्रेसी नेता का करीबी बताया जा रहा था। हालांकि, इल्मा अफरोज उसके दबाव के आगे नहीं झुकीं। हाईकोर्ट की वजह से ट्रांसफर नहीं कर पाए
विधायक से विवाद के बीच SP इल्मा को ट्रांसफर करने की चर्चाएं शुरू हुईं। हालांकि, नालागढ़ के यौन शोषण केस की वजह से सरकार इल्मा को ट्रांसफर नहीं कर पाई। हाईकोर्ट ने इल्मा को एक यौन शोषण केस की जांच के आदेश दे रखे हैं। ॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰ SP इल्मा अफरोज की यह खबर भी पढ़ें… कांग्रेस MLA से भिड़ीं लेडी SP इल्मा अफरोज की कहानी:पिता के निधन के बाद ट्रैक्टर चलाया; ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ीं, न्यूयॉर्क छोड़ IPS बनीं हिमाचल प्रदेश के बद्दी में कांग्रेस MLA की पत्नी की गाड़ियों का चालान काटने वाली लेडी SP इल्मा अफरोज (IPS) खूब सुर्खियों में है। इल्मा ने कुछ दिन पहले विधायक से विवाद के बाद बद्दी SP ऑफिस से अपना सामान समेट लिया। इसके बाद वह मां के साथ उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में लौट आईं। पूरी खबर पढ़ें…


