रींगस-खाटू नो व्हीकल जोन में टेंपो ने श्रद्धालु को कुचला:चौमूं पुरोहितान के पास हादसा, पुलिस ने टेंपो को जब्त किया

सीकर जिले‌ में रींगस-खाटूश्यामजी रोड पर एक हादसे में श्रद्धालु की जान चली गई। फास्ट स्पीड में चल रहे टेंपो ने श्रद्धालु को टक्कर मारी। घायल को रींगस उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे हायर सेंटर रैफर कर दिया गया, इसी बीच उसकी मौत हो गई। पुलिस-प्रशासन ने खाटू-रींगस रोड को नो व्हीकल जोन घोषित किया है, इसके बावजूद तेज रफ्तार वाहन ने एक जान ले ली। शनिवार को रींगस–खाटूश्यामजी रोड पर तेज रफ्तार टैंपो की टक्कर से 60 वर्षीय पदयात्री श्याम बाबू घायल हो गए थे। टैंपो रींगस से खाटूश्यामजी सवारी लेकर जा रहा था। चौमूं पुरोहितान के पास नो व्हीकल जोन में पैदल यात्रा कर रहे श्याम भक्त को टैंपो ने जोरदार टक्कर मार दी। घायल अवस्था में उन्हें रींगस के राजकीय उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर किया गया। इसी बीच उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद नो व्हीकल जोन में तेज रफ्तार से दौड़ रहे वाहनों को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। श्याम पदयात्रियों की सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में आक्रोश है। प्रशासन से मांग की जा रही है कि नो व्हीकल जोन में सख्ती से नियमों का पालन कराया जाए और पदयात्रियों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाएं की जाएं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *