लोगों को डेढ़ सौ यूनिट बिजली फ्री देने पर विचार:ऊर्जा मंत्री नागर बोले- जिसके छत नहीं, उसे भी सोलर से देंगे बिजली

जिला प्रभारी एवं ऊर्जा मंत्री हीरा लाल नागर ने कहा कि हमारी सरकार हर माह डेढ़ सौ यूनिट बिजली फ्री देने पर विचार कर रही है। जिसके छत नहीं है, ऐसे लोगों के लिए भी सामूहिक रूप से सोलर लगाएंगे। इस मॉडल को इस तरह लाना चाह रहे कि जिसके सोलर लग लाए, उसे कुछ देना नहीं पड़े। उसे डेढ़ सौ यूनिट बिजली फ्री मिल जाए। ताकि उसे बिजली भी मिल जाए और ग्रीन एनर्जी भी मिल जाए। उपभोक्ता को कुछ देना नहीं पड़े, इस पर विचार कर रहे। इसका मॉडल बनेगा। फाइनेंस को जाएगा, अप्रूवल होगा। फिर वो सिस्टम में आएगा। दो तीन महीने लगेंगे। यह बात रविवार शाम को गत दिनों आए सरकार के बजट के क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में कही। बजट घोषणा में सोलर लगाने वाले व्यक्ति को डेढ़ सौ यूनिट बिजली फ्री देने के मामले में सब्सिडी के बावजूद कुछ हिस्सा राशि उपभोक्ता के वहन करने सवाल पर कहा कि सरकार ये ही तो विचार कर रही है कि गरीब व्यक्ति को सोलर लगा कर डेढ़ सौ यूनिट बिजली फ्री दी जाए। बीसलपुर के टापू पीपीपी मोड पर होंगे डवलप उन्होंने कहा कि बजट में भी टोंक जिले में करोड़ों के काम होंगे। पर्यटन का भी काफी ध्यान रखा है। बीसलपुर बांध के टापुओं को पीपीपी मोड पर पर्यटन स्थल के रूप में डवलप किया जाएगा। इस्तीफा दे चुके मंत्री किरोड़ी लाल मीणा के एक बार फिर रविवार को सार्वजनिक रूप से उनका फोन टेप होने और उनके पीछे सीआईडी लगाने के बयान पर मंत्री नागर ने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। विधानसभा में इसका जवाब दिया जा चुका है कि उनका फोन टेप नहीं हो रहा है। कांग्रेस के विधानसभा में बैठने के मामले में मंत्री नागर ने कहा कि कांग्रेस के पास करने को कुछ नहीं है। समय खराब कर रही है । लोगों ने जिस काम के लिए उन्हें चुनकर भेजा था, वो काम नहीं कर रहे है, लोग सब देख रहे है । बजट घोषणाओं का जल्द करें क्रियान्वयन जिला प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर ने जिला परिषद सभागार में बैठक लेकर टोंक जिले से संबंधित सभी बजट घोषणाओं के कामों में गति लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इनके बेहतर क्रियान्वयन, समयबद्धता एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही बजट घोषणाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग कर शीघ्र धरातल पर लाने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को इनका फायदा मिल सके। उन्होंने वर्ष 2024 -25 की बजट घोषणाओं के अंतर्गत जारी प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृतियां, निविदा, कार्यादेश, कार्य के प्रारंभ व प्रगति की अपडेट स्थिति जानकारी ली। मंत्री नागर ने बजट घोषणा वर्ष 2025- 26 के संबंध में भूमि आवंटन, उपलब्धता, चिह्निकरण की स्थिति पर चर्चा करते हुए इस कार्य को प्राथमिकता से किए जाने पर जोर दिया। समीक्षा बैठक में देवली- उनियारा विधायक राजेंद्र गुर्जर, निवाई- पीपलू विधायक राम सहाय वर्मा, पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया, बीजेपी जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान, पूर्व नगर परिषद सभापति लक्ष्मी जैन, आयोजन समिति के सदस्य ओमप्रकाश गुप्ता समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *