जालंधर में मानवाधिकार की राष्ट्रीय अध्यक्ष आरती राजपूत को एक विदेशी नंबर से धमकी भरा फोन आया है। कॉल करने वाले ने उन्हें राजनीति से दूर रहने की चेतावनी दी और कहा कि उन्हें देख लिया जाएगा। इस घटना के बाद आरती राजपूत ने थाना एक पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। इसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। क्या कहा धमकी देने वाले ने आरती राजपूत ने बताया कि उन्हें शनिवार रात एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से कॉल आई थी। फोन करने वाले ने पहले उनका नाम पूछा और फिर अभद्र भाषा का प्रयोग करना शुरू कर दिया। कॉलर ने कहा कि वह आजकल बहुत इंटरव्यू दे रही हैं और सड़कों के बंद होने को लेकर शोर मचा रही हैं। कॉलर ने धमकी देते हुए कहा, “राजनीति का बहुत शौक है तुझे, देख लेंगे और आने वाले दिनों में पता चल जाएगा मैं कौन हूं।” जब आरती राजपूत ने कॉलर की पहचान पूछी, तो उसने कहा कि उन्हें जल्द ही पता चल जाएगा कि वह कौन है, जिसके बाद उसने फोन काट दिया। इसलिए तो नहीं आई धमकी आरती राजपूत के अनुसार, दो दिन पहले सरकार द्वारा श्रीराम चौक और कंपनी बाग चौक पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसके कारण सड़कें बंद कर दी गई थीं। इससे लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था। उन्होंने इस संबंध में नगर निगम, उपायुक्त (DC) और जालंधर पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी थी। आरती राजपूत का मानना है कि यह कॉल उन्हें डराने और धमकाने के लिए की गई है, ताकि वे अपनी शिकायत वापस ले लें। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि वह डरने वाली नहीं हैं और इस मामले में कार्रवाई जरूर करवाएंगी। उन्होंने पुलिस को कॉल करने वाले नंबर की जानकारी और संबंधित वीडियो भी उपलब्ध कराई है।


