दुर्ग जिले में शनिवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो शव मिलने से सनसनी फैल गई। एक मामला रानीतराई थाना क्षेत्र के ग्राम केसरा का है, जहां एक किसान की लाश उसके ही खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मिली। किसान के सिर पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। वहीं दूसरा मामला जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र का है, जहां चिखली स्थित शिवनाथ नदी पुल के नीचे एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। दोनों मामलों में पुलिस जांच में जुटी है। रानीतराई में हत्या की जताई जा रही आशंका
रानीतराई थाना क्षेत्र के ग्राम केसरा में शनिवार की शाम को किसान की लाश उसके ही खेत में ग्रामीणों ने देखी। कुछ ग्रामीण खेत की ओर गए वहां उन्होंने लाश की पहचान की। पास जाकर पहचान करने पर मृतक की पहचान केसरा निवासी अमरसिंह साहू (उम्र करीब 50 वर्ष), पिता कार्तिक साहू के रूप में हुई। घटना की सूचना तत्काल परिजनों और रानीतराई थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की। सिर पर गंभीर चोट के मिले निशान
प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर पर कई जगह गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। चोट की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि किसी भारी वस्तु से सिर पर वार किया गया होगा। हत्या की आंशका को देखते हुए पुलिस जांच में जुट गई है।
फारेंसिक और डॉग स्क्वॉड की टीम पहुंचे घटना स्थल
शनिवार को लाश मिलने के बाद फारेंसिक की टीम भी घटना स्थल पहुंची और मौके पर साक्ष्य को एकत्रित किया। रविवार को पुलिस के अधिकारी और जवान दोबार घटना स्थल पर पहुंचे और घटना स्थल की बारीकी से जांच की। डॉग स्क्वॉड की टीम भी मौके पर पहुंची और अच्छे से मौके का शिनाख्त किया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए पाटन अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। पीएम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
इधर…शिवनाथ नदी पुल के नीचे मिला अज्ञात शव
इधर दुर्ग शहर के जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र में भी एक व्यक्ति का शव मिला है। शनिवार को लोगों ने चिखली स्थित शिवनाथ नदी पुल के नीचे एक व्यक्ति की लाश देखी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मृतक की उम्र करीब 50 से 55 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव की शिनाख्त अब तक नहीं हो पाई है। मृतक के बाएं हाथ पर ‘गौतम चंद’ नाम गोदना से लिखा हुआ है, जिसके आधार पर पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस द्वारा आसपास के थाना क्षेत्रों में गुमशुदगी की जानकारी खंगाली जा रही है।


