टोंक जिले के अलीगढ़ क्षेत्र के बरूधन गांव में शनिवार रात अज्ञात जंगली जानवरों ने बाड़े में बंद भेड़ों पर हमला कर दिया। हमले में 10 भेड़ों की मौत हो गई, आठ गंभीर घायल हैं और तीन भेड़ें लापता हो गईं। घटना का पता रविवार सुबह भेड़ों के मालिक को चला। सुबह बाड़े में दिखीं लहूलुहान भेड़ें पीड़ित रामकल्याण गुर्जर ने बताया कि शनिवार रात अन्य दिनों की तरह भेड़ों को घर के पास बने बाड़े में बंद किया था। सुबह उठकर देखा तो कई भेड़ें लहूलुहान हालत में पड़ी थीं। आधे से ज्यादा शव खाए मिले हमले में मरी 10 भेड़ों को जंगली जानवर आधे से ज्यादा खा चुके थे। आठ भेड़ें गंभीर घायल मिलीं। तीन भेड़ों के बारे में आशंका है कि जंगली जानवर उन्हें उठाकर ले गए। वन विभाग पर लापरवाही का आरोप घटना की सूचना सुबह करीब 8 बजे वन विभाग को दी गई। आरोप है कि अधिकारी समय पर नहीं पहुंचे। अलीगढ़ रेंजर पंकज शर्मा करीब 10 बजे मौके पर पहुंचे। पशु चिकित्सक ने किया पोस्टमार्टम पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक छोटू लाल बैरवा के निर्देश पर पशु चिकित्सक मौके पर पहुंचे। मृत भेड़ों का पोस्टमार्टम कर निस्तारण किया गया और घायल भेड़ों का इलाज शुरू किया गया। पटवारी ने भी मौके पर पहुंचकर नुकसान की रिपोर्ट तैयार की। आर्थिक सहायता की मांग पूर्व अलीगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष मुनीम मीणा ने वन विभाग से पीड़ित को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। गांव में इस घटना के बाद पशुपालकों में डर का माहौल है।


