गौरेला-पेंड्रा-मरवाही की दुर्गेश नंदिनी मराबी सिविल जज बनी:21वां स्थान हासिल किया, एपीओ के पद पर पोस्टेड थी, पिता RDA में लेखाधिकारी

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) ने 20 फरवरी को व्यवहार न्यायाधीश (कनिष्ठ श्रेणी) परीक्षा 2024 का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया है। इस परीक्षा में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले के मरवाही ब्लॉक स्थित घुरदेवाटोला, ग्राम नगवाही की दुर्गेश नंदिनी मराबी का चयन हुआ है। अनुसूचित जनजाति वर्ग से आने वाली दुर्गेश नंदिनी ने मेरिट सूची में 21वां स्थान हासिल किया है, जिसके कारण उनका चयन सामान्य वर्ग (जनरल) कोटे से हुआ है। दुर्गेश नंदिनी मराबी शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उन्होंने 12वीं की पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय रायपुर से पूरी की। इसके बाद हिदायतुल्ला राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एचएनएलयू) रायपुर से बीए एलएलबी की डिग्री प्राप्त की। अपनी पढ़ाई के दौरान ही उनका चयन सहायक अभियोजन अधिकारी (एपीओ) के पद पर रायपुर में हो गया था। एपीओ पद पर काम करते हुए सिविल जज बनी दुर्गेश एपीओ के पद पर काम करते हुए उन्होंने सिविल जज की परीक्षा दी। साक्षात्कार के बाद जारी हुई चयन सूची में उनका नाम शामिल है। दुर्गेश नंदिनी के पिता चैन सिंह मराबी रायपुर विकास प्राधिकरण में लेखाधिकारी हैं, जबकि उनके बड़े पिता भुनेश्वर सिंह मराबी मिडिल स्कूल साल्हेकोटा, विकासखंड मरवाही में प्रधान पाठक हैं। दुर्गेश के सिविल जज बनने पर जीपीएम जिले के लोगों ने हर्ष व्यक्त किया है। शासन के विधि एवं विधायी कार्य विभाग के अंतर्गत कुल 57 पदों पर भर्ती के लिए यह परीक्षा आयोजित की गई थी। नियमों के अनुसार, रिक्त पदों के तीन गुना अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाता है। 57 पदों के लिए 171 अभ्यर्थियों को बुलाया जाना था, लेकिन आयोग ने कुल 183 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया था। अंतिम चयन सूची लिखित परीक्षा और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के कुल योग के आधार पर तैयार की गई है। आयोग ने इस चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और नियमसम्मत बताया है, साथ ही सभी सफल अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दी हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *