रेलवे सुरक्षा बल राजनांदगांव ने निकाली साइकिल रैली:’फिट इंडिया संडे’ पर युवाओं और खिलाड़ियों ने दिया फिटनेस का संदेश

रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट राजनांदगांव द्वारा शहर में स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से “फिट इंडिया संडे ऑन साइकिलिंग” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मंडल सुरक्षा आयुक्त (नागपुर) दीप चंद्र आर्य के निर्देशन और रेसुब राजनांदगांव की निरीक्षक प्रभारी तरुणा साहू के नेतृत्व में संपन्न हुआ। रविवार सुबह 7:30 बजे दिग्विजय स्टेडियम (बी-ब्लॉक) से शुरू हुई इस रैली में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों और खेल अकादमियों की भागीदारी रही। इनमें ईएसआईसी राजनांदगांव के अधिकारी और कर्मचारी, रेलवे विभाग से स्टेशन मास्टर बर्मन और सीटीआई रेखा पदम जीबी, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) के खिलाड़ी, बास्केटबॉल के बालक खिलाड़ी, कोचेस और वार्डन शामिल थे। रेसुब की निरीक्षक तरुणा साहू और पोस्ट का समस्त स्टाफ भी उपस्थित रहा। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जवानों, युवाओं और आम नागरिकों को शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने साइकिलिंग के माध्यम से फिटनेस का संदेश दिया और नियमित व्यायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया। साइकिलिंग के समापन पर रेलवे सुरक्षा बल द्वारा सभी प्रतिभागियों को स्वास्थ्यवर्धक फल एवं जूस वितरित किए गए। बल की इस पहल ने ‘स्वस्थ भारत’ के संकल्प को मजबूती प्रदान की। पूरा कार्यक्रम अनुशासित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *