शादी के दिन ही दो दुल्हनों की मौत:सगी बहनों की आज आनी थी बारात, मामा बोले- दोनों भांजी इस रिश्ते से खुश नहीं थी

जोधपुर में 2 दुल्हनों की शादी के दिन मौत हो गई। सगी बहनों की आज ही शादी होने वाली थी। शुक्रवार रात करीब 12 बजे दोनों दुल्हनों की तबीयत और ज्यादा बिगड़ गई। परिजन उन्हें जोधपुर के एक निजी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने दोनों बहनों को मृत घोषित कर दिया। परिजन बिना पोस्टमॉर्टम कराए अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, सूचना पर पुलिस पहुंची और अंतिम संस्कार रुकवा दिया। मामला सूरसागर थाना क्षेत्र के मणाई गांव का है। ADCP पश्चिम रोशन मीणा ने बताया- मणाई गांव के रहने वाले दीपसिंह की बेटियां शोभा सिंह (25) और विमला सिंह (23) की मौत हुई है। दोनों की शादी तय थी और आज ही बारात आने वाली थी। दोनों बहनें निजी स्कूल में पढ़ाती थीं। लड़कियों के मामा जसवंत सिंह ने कहा- दोनों भांजी शादी से खुश नहीं थी। शाम 5:30 बजे दोनों की तबीयत बिगड़ी थी ADCP ने बताया कि शुक्रवार शाम 5:30 बजे दोनों की तबीयत खराब हुई थी। इसके बाद, रात करीब 12 बजे दोनों दुल्हनों की तबीयत और ज्यादा बिगड़ गई। गांव के ही एक कंपाउंडर को बुलाया गया, जिसने उनकी हालत देखकर तुरंत अस्पताल ले जाने की सलाह दी। सुबह 3 बजे के आसपास उनकी तबीयत ज्यादा खराब होने पर परिजन उन्हें जोधपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां पहुंचने पर दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद परिजन शवों को घर ले आए। अंतिम संस्कार को पुलिस ने रुकवाया घटना की जानकारी दोनों दुल्हनों की मां ने सुबह 5 बजे अपने भाई जसवंत सिंह को दी। जसवंत सिंह ने अन्य रिश्तेदारों और पुलिस को सूचित किया। सुबह 6 बजे पुलिस मणाई गांव पहुंची। गांव में परिवार अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा था, जिसे पुलिस ने रुकवाया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए एमजीएच मॉर्च्युरी में भिजवाया गया, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। जीजा के छोटे भाई की वजह से भांजियों ने जान दी मामा जसवंत सिंह ने कहा- जीजा दीप सिंह के भाइयों के दबाव में दोनों भांजियों की शादी पहले भीनमाल में तय थी। वह तोड़कर पोकरण के जेमला गांव कर दी गई थी। हमें हमारी बहन के पास नहीं आने देते थे। 4 दिन पहले, बहन और जीजा शादी का कार्ड देने घर आए थे। जसवंत सिंह ने आरोप लगाया कि दीप सिंह के छोटे भाई की वजह से दोनों भांजियों ने अपनी जान दे दी। मामा बोले- लड़कियों ने आत्महत्या की है या कुछ और हुआ मामा जसवंत सिंह ने बताया- मैं यह नहीं कह सकता कि लड़कियों ने आत्महत्या की है या कुछ और हुआ है। मुझे सुबह 5 बजे मेरी बहन ने सूचना दी थी। बहन ने बताया था कि दोनों बेटियों ने कुछ कर लिया है। जब मैंने पूछा कि क्या कर लिया है और कहां हैं, तो उन्होंने बताया कि हॉस्पिटल लेकर गए हैं। लड़कियों को घर वाले हॉस्पिटल लेकर नहीं गए थे, उनके जीजा ही जबरदस्ती हॉस्पिटल लेकर गए थे। मैंने जीजा को फोन किया और पूछा क्या हुआ, तो उन्होंने मुझे बताया कि दोनों की मौत हो चुकी है। मामा ने कहा- आटा-साटा के चक्कर में पहली सगाई तोड़ दी थी मामा ने कहा- दोनों की आज बारात आने वाली थी। दोनों लड़कियों वहां जाने को तैयार नहीं थीं। बच्चियां शादी से खुश नहीं थीं। इनके चाचा और परिवार वालों ने जबरदस्ती यह रिश्ता किया था। आगे वाले रिश्तेदार कौन हैं, मुझे नहीं पता है। मैं कभी उनके घर नहीं गया हूं। बच्चियों की पहले भी सगाई हुई थी, लेकिन परिवार वालों ने आटा-साटा करने के चक्कर में यह रिश्ता तोड़ दिया था। मेरी बहन की चार बेटियां ही हैं। हमने कहा था कि हम ही बच्चियों की शादी कर देंगे। पूरे परिवार को पहला वाला रिश्ता पसंद था, बस चाचा ने कहा था कि मुझे यह रिश्ता पसंद नहीं है। दोनों बच्चियों को न्याय मिलना चाहिए। मेरे जीजा दीप सिंह को पूरे दबाव में लिया हुआ है। पांच साल पहले परिवार वालों ने मेरे जीजा को पीटा था और कहा था कि तुम ससुराल वालों का ज्यादा पक्ष लेते हो। उन्होंने जान से मारने की धमकी दी थी। हमें भी धमकी दी थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *