‘आप’ ने मनरेगा मजदूरों से किया संवाद:मजदूरी बढ़ाने और सुविधाएं बहाल करने की मांग उठाई

आम आदमी पार्टी (आप) ने ‘आप आपके साथ’ अभियान के तहत सोमवार को ग्राम पंचायत मुंडा में मनरेगा मजदूरों से संवाद किया। जिला अध्यक्ष सुरेंद्र बेनीवाल के नेतृत्व में ओबीसी विंग के जिला अध्यक्ष लीलाधर भाट, वरिष्ठ सदस्य गोपाल मेघवाल और सतपाल भाट ने मनरेगा साइट पर पहुंचकर मजदूरों की समस्याएं सुनीं। मजदूरों ने महंगाई के अनुपात में मजदूरी बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार अपने कर्मचारियों को हर साल महंगाई भत्ता और वेतन वृद्धि देती है, लेकिन मनरेगा मजदूरों को नाममात्र की मजदूरी मिल रही है। समय पर भुगतान न होने से परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है। मजदूरों ने आरोप लगाया कि पहले साइट पर मिलने वाली पानी, छाया, मेडिकल और उपकरण जैसी मूलभूत सुविधाएं धीरे-धीरे खत्म कर दी गई हैं। महिला मजदूरों ने बताया कि कई बार उन्हें 7 से 8 किलोमीटर दूर साइट तक पैदल जाना पड़ता है। उन्होंने गर्भवती महिलाओं के लिए प्रसव अवकाश की मांग करते हुए कहा कि सरकारी महिला कर्मचारियों की तरह उन्हें भी प्रसव के दौरान सवेतन अवकाश दिया जाए। धात्री महिलाओं के लिए पौष्टिक आहार और स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था साइट पर ही करने की मांग भी रखी गई। इसके अतिरिक्त, मजदूरों ने 100 दिन के बजाय 125 दिन रोजगार देने और दूरस्थ साइटों तक पहुंचने के लिए वाहन सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। पार्टी पदाधिकारियों ने मजदूरों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाया जाएगा और समाधान के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *