मैक्सिको में दिखेगा चाईबासा का दम:होमलेस फुटबॉल वर्ल्ड कप के लिए जिले के 6 खिलाड़ियों का भारतीय टीम में चयन

पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा के लिए यह गर्व का क्षण है। जिले के छह प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन होमलेस फुटबॉल वर्ल्ड कप चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है। ये सभी खिलाड़ी उत्तरी अमेरिका के मैक्सिको में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। चयनित खिलाड़ियों ने गोवा में आयोजित नेशनल इंक्लूजन फुटबॉल कप चैंपियनशिप में झारखंड टीम की ओर से खेलते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। उनके खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन्हें भारतीय टीम में जगह दी। ग्रामीण और सीमित संसाधनों के बीच अपनी प्रतिभा निखारने वाले इन खिलाड़ियों की सफलता से पूरे जिले में उत्साह का माहौल है। पुरुष और महिला टीम में तीन-तीन खिलाड़ियों को मौका भारतीय पुरुष टीम में तांतनगर प्रखंड के कांडेहातु निवासी रमेश कारवा, हिंदुडीह निवासी ललित प्रिय बेंकुरा और सदर प्रखंड के बरकुंडिया निवासी सूरज बिरुली को शामिल किया गया है। वहीं महिला टीम में तांतनगर के खेड़ियाटांगर की बनफूल तुबिद, टियापोसी की पुनामी बागे और खूंटपानी प्रखंड के पुरनिया की मोनिका पुरती का चयन हुआ है। इन सभी खिलाड़ियों ने कठिन परिस्थितियों में निरंतर अभ्यास कर अपनी अलग पहचान बनाई है। जिले के सुदूर गांवों से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचना अपने आप में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। चयन की खबर मिलते ही परिजनों और गांव में जश्न का माहौल है। नागपुर में लगेगा प्रशिक्षण शिविर, खेलप्रेमियों ने दी शुभकामनाएं झारखंड टीम के को-ऑर्डिनेटर चांबरा सुंडी ने बताया कि भारतीय टीम का प्रशिक्षण शिविर स्लम सोकर मुख्यालय नागपुर में आयोजित किया जाएगा। शिविर के दौरान खिलाड़ियों के बीच बेहतर तालमेल और रणनीति पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके बाद टीम मैक्सिको के लिए रवाना होगी। सुंडी ने कहा कि संस्था लगातार इन खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के लिए प्रयासरत रही है और उम्मीद है कि वे अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश और जिले का नाम रोशन करेंगे। खिलाड़ियों के चयन पर कृष्णा देवगम, विकास दोदराजका, वीर सिंह बुड़ीउली, जगन्नाथ हेस्सा, महर्षि महेंद्र सिंकू, सुरेंद्र पुरती, श्याम कुदादा, साधु बानरा, फादर रंजीत किंडो और रेयांस सामड सहित कई खेलप्रेमियों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *